राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले छह विधायकों पर बीजू जनता दल (BJD) ने गाज गिरा दी है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में सभी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जारी पत्र में पार्टी ने कहा कि विधायकों ने क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों से बीजेडी के संविधान के उस मूल सिद्धांत का उल्लंघन किया है, जिसमें पार्टी के निर्णय पर सामूहिक निष्ठा रखना अनिवार्य है।
16 मार्च को ओडिशा में राज्यसभा चुनाव हुए थे। इसमें बीजेडी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। इसके बाद पार्टी के मुख्य सचेतक ने सभी छह विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। पार्टी की अनुशासन समिति ने विधायकों से मिले जवाब की समीक्षा की। 21 मार्च को बीजेडी की राजनीतिक मामलों की समिति ने सभी छह विधायकों से तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें: विदेशों में भारत की खास जगहों के भेजे जा रहे थे फोटो-वीडियो, 5 गिरफ्तार
पार्टी ने बालीगुड़ा से विधायक चक्रामणि कन्हार, जयदेव से नबा किशोर मल्लिक, चौद्वार-कटक से सौविक बिस्वाल, बस्ता से सुबाषिनी जेना, तिर्तोल से रमाकांत भोई और बांकी से देवी रंजन त्रिपाठी के खिलाफ एक्शन लिया है। पार्टी ने 17 मार्च को सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। बीजेडी की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक ने बताया कि उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले है। शनिवार को पूर्व सीएम नवीन पटनायक की अध्यक्षता में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में सभी विधायकों को निलंबित करने का फैसला लिया गया।
इन पर गिरी गाज
- बालीगुड़ा से विधायक चक्रमणि कन्हार
- जयदेव से विधायक नबा किशोर मल्लिक
- चौद्वार-कटक विधायक सौविक बिस्वाल
- बस्ता से विधायक सुबासिनी जेना
- तिर्तोल से विधायक रमाकांत भोई
- बंकी से विधायक देवीरंजन त्रिपाठी
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने दिया युद्ध खत्म करने का इशारा, ईरान बोला- दुश्मन हार गया है
बीजेपी को 11 वोट अधिक मिले
16 मार्च को ओडिशा में राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव हुए। बीजेपी को दो सीटों पर जीत मिली। एक सीट पर बीजेपी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की। बीजेडी के खाते में एक सीट आई। विधानसभा में बीजेपी और उसके निर्दलीय विधायकों की कुल संख्या 82 है। मगर उसे 93 प्रथम वरीयता वोट मिले। कुल मिलाकर बीजेपी को 11 वोट अधिक मिले। बताया जा रहा है कि इनमें आठ वोट बीजेडी और तीन कांग्रेस विधायकों के हैं।
