उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। पार्टी इस बार 320 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। सीएम योगी ने एक इंटरव्यू में कहा कि चुनाव का नतीजा क्या होगा, इसे लेकर उन्हें कोई शक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी अपने पिछले प्रदर्शन से भी आगे निकलेगी।

 

योगी ने समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव में अपनी सरकार के काम और पिछली सरकारों के दौर की तुलना करेगी। सीएम के अनुसार पहले यूपी में गुंडाराज, दंगे और कर्फ्यू आम बात थे। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था और निवेश का माहौल बदला है।

'320 से ज्यादा सीटें जीतना तय'

योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या बीजेपी 2027 के चुनाव में 320 सीटों का आंकड़ा पार कर पाएगी। इस पर उन्होंने कहा, 'आप इसे तय मान सकते हैं कि चुनाव उसी दिशा में जा रहा है। इसमें कोई शक नहीं है।' उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। पार्टी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

 

यह भी पढ़ें: कभी आपस में ठनी, फिर CM पद से हटाया, अब कैप्टन अमरिंदर के किस्से सुना रहे राहुल

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी चुनाव में पिछली सरकारों के कार्यकाल को मुद्दा बनाएगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया। CM योगी ने कहा, 'परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। इसकी वजह से प्रदेश लंबे समय तक अंधेरे में रहा।' उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा मिला। साथ ही राजनीति में अपराधियों का दखल बढ़ा।

महिला सुरक्षा को लेकर सपा से सवाल

योगी ने सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति थी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'क्या समाजवादी पार्टी की सरकार में बेटियों और महिलाओं की इज्जत और सुरक्षा कभी सुनिश्चित हुई थी? कभी नहीं!' उन्होंने यह भी कहा कि अब दंगा करने वालों को बख्शा नहीं जाता। सीएम योगी के अनुसार, इससे उत्तर प्रदेश की छवि बदली है।

 

मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश को लेकर भी पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया था। लेकिन निवेशक प्रदेश में आने के लिए तैयार नहीं थे। योगी ने कहा, '2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया था, लेकिन कोई भी निवेशक प्रदेश में आने को तैयार नहीं था।' उन्होंने नोएडा जाने को लेकर पिछली सरकार के मुख्यमंत्री पर भी तंज कसा। योगी ने आरोप लगाया कि उस समय शासन से ज्यादा राजनीतिक सोच को महत्व दिया जाता था।

'दंगा करने वालों को अब बख्शा नहीं जाता'

योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा, 'आज दंगा करने वालों को बख्शा नहीं जाता। इससे उत्तर प्रदेश को लेकर एक नई सोच बनी है।' उन्होंने ऐसे लोगों का भी जिक्र किया, जो विकास के बजाय अशांति चाहते हैं। योगी ने कहा कि कुछ लोग जश्न और उत्सव के माहौल के बजाय तनाव पसंद करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: इंदिरा गांधी को मां कहने से कतराती थीं सोनिया, बिलॉन्गिंग की कहानी, उनकी जुबानी

 

योगी आदित्यनाथ के 15 से 20 प्रतिशत लोगों वाले बयान को 2022 के चुनाव से पहले दिए गए उनके '80 बनाम 20' बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। उस समय उन्होंने कहा था कि 80 प्रतिशत लोग बीजेपी के साथ हैं, जबकि 20 प्रतिशत लोग उसके विरोध में हैं। योगी ने तब साफ किया था कि उनका बयान धर्म या जाति के आधार पर नहीं था। उन्होंने इसे बीजेपी के समर्थन और विरोध से जुड़ा बताया था।

2017 और 2022 में बीजेपी को कितनी सीटें मिलीं?

बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। अब गठबंधन 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी कर रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 312 सीटें जीती थीं। वहीं, 2022 में पार्टी की सीटें घटकर 255 रह गई थीं। हालांकि, इसके बाद भी बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा 202 आसानी से पार कर लिया था।