उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को योगी सरकार ने अनुमति नहीं दी है। कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय से हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालने की तैयारी की थी, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र का हवाला देते हुए इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने मार्च का कार्यक्रम बदल दिया है।

 

अब पार्टी मुख्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम में करीब 40 हजार लोग शामिल होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने लखनऊ पहुंचेंगे।

कांग्रेस ने संविधान दिवस के मौके पर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाया था। योजना के मुताबिक, पार्टी कार्यालय में माल्यार्पण करने के बाद कार्यकर्ताओं को हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा तक जाना था। इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी। पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बताया कि पार्टी की ओर से शांतिपूर्ण मार्च निकालने की बात कही गई थी और इसके लिए लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र होने का हवाला देकर अनुमति नहीं दी।

शांतिपूर्ण मार्च की भी अनुमति नहीं मिली

पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए लगातार कार्यक्रम कर रही है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर मार्च निकालने की योजना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब कार्यक्रम पार्टी कार्यालय में ही आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करना था।

 

यह भी पढ़ें: UP में BJP के 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' फॉर्मूले पर भी राजी नहीं सहयोगी

तनुज पुनिया ने सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भी मार्च की अनुमति नहीं मिलने पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की बात करती है और इसी उद्देश्य से मार्च निकालना चाहती थी। उनका आरोप है कि बीजेपी के करीब 500 लोगों के मार्च को अनुमति मिल जाती है, लेकिन कांग्रेस को अपने कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार कांग्रेस के मार्च से घबरा रही है। अब पार्टी मुख्यालय में होने वाले सम्मेलन में करीब 40 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

एसआईआर को लेकर भी बीजेपी पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। पीएल पुनिया ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से लोगों का वोट देने का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है और कांग्रेस इसकी रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान की रक्षा को लेकर देशभर में कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

 

यह भी पढ़ें: 28 साल पुराना केस, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की जेल, 36 हजार जुर्माना

खड़गे की मौजूदगी से कांग्रेस दिखाएगी राजनीतिक ताकत

संविधान दिवस पर होने वाले इस आयोजन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। मार्च की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब पार्टी सम्मेलन के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। 40 हजार लोगों के जुटने के दावे के बीच लखनऊ में कांग्रेस का यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहेगा।