कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बदलने की सभी चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह सिर्फ अफवाहें हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने साफ बताया कि दिल्ली में हुई बैठक का विषय मुख्यमंत्री बदलना बिल्कुल नहीं था।

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि मंगलवार को हाई कमान के साथ बैठक में सिर्फ आगामी राज्यसभा चुनाव और कर्नाटक के विधान परिषद सीटों पर चर्चा हुई। इन सीटों के उम्मीदवारों के नाम अन्य राज्यों, जैसे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड के साथ जल्द घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: गुजरात में AAP को हराना था, बीजेपी ने कांग्रेस से कर लिया गठबंधन

क्यों ऐसी अटकलें लगीं?

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी डीके शिवकुमार दिल्ली आए थे। इस यात्रा के बाद फिर से मुख्यमंत्री बदलाव की खबरें चलने लगीं। पार्टी के कुछ विधायकों के शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जताने की खबरें पहले भी आती रही हैं। कहा गया कि डीके शिवकुमार सीएम पद की मांग रहे हैं, वह सिद्धारमैया का इस्तीफा चाहते हैं। 

किन-किन मुद्दों पर शोर मचा?

 कुछ रिपोर्ट्स में यहां तक कहा गया कि सिद्धारमैया राज्यसभा चुनाव लड़ सकते हैं, जिससे शिवकुमार मुख्यमंत्री बन जाएं। कांग्रेस ने इन सब खबरों को बस 'अफवाह' बताते हुए साफ कर दिया है कि अभी कोई ऐसा प्लान नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि यह बैठक बिल्कुल रूटीन थी और सिर्फ चुनावी तैयारियों को लेकर हुई थी।

यह भी पढ़ें: बिहार, बंगाल, तमिलनाडु में हार, UP में भी 'दुविधा हाइवे' पर चलेगी कांग्रेस?

कैसे पता चला 'CM' सिद्धारमैया ही रहेंगे?

इंदिरा भवन में कर्नाटक के कांग्रेस नेताओं की कांग्रेस आलाकमान के साथ हुई बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने कर्नाटक अध्याय की पूरी कहानी बताई है। कर्नाटक कांग्रेस में फिर से सत्ता संघर्ष की खबरें आईं, लेकिन पार्टी ने उन्हें पूरी तरह खारिज कर दिया। फिलहाल सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे और पार्टी का पूरा फोकस राज्‍यसभा व परिषद चुनावों पर है।

केसी वेणुगोपाल, महासचिव, कांग्रेस:-
आप लोग जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे केवल अटकलें ही हैं। उनमें कोई सच्चाई नहीं है। 

अगर CM बदलने पर चर्चा नहीं तो दिल्ली क्यों आए DK-सिद्धारमैया?

केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'आज हमने कर्नाटक की राज्यसभा सीटों और विधान परिषद सीटों के बारे में चर्चा की। कर्नाटक की राज्यसभा और विधान परिषद सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड जैसे अन्य राज्यों की सीटों के साथ ही की जाएगी। बस इतना ही। आज हमने यही फैसला किया है। आज इसके अलावा और किसी विषय पर चर्चा नहीं हुई।'

यह भी पढ़ें: एक अजय राय ही काफी हैं? छिटके नेता, 2027 का एजेंडा कैसे संभालेगी कांग्रेस?

केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'आज हमारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक विस्तृत बैठक हुई। इस चर्चा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कर्नाटक के प्रभारी महासचिव और मैं खुद शामिल था। आज की पूरी चर्चा केवल आगामी राज्यसभा चुनावों और कर्नाटक के विधान परिषद चुनावों पर केंद्रित थी।'