आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद, राघव चड्ढा ने सदन में उपनेता के पद से हटाए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें खामोश किया है, वह जनहित के मुद्दे उठा रहे थे, उनकी आवाज खामोश कर दी गई। राज्यसभा में पार्टी की तरफ से अहम पद गंवाने के बाद राघव चड्ढा ने एक वीडियो संदेश जारी कर AAP को घेरा है। राघव चड्ढा के आरोपों पर आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि वह मौजूदा सरकार से डर गए हैं। आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सौरभ भरद्वाज ने कहा है कि राघव चड्ढा डर की वजह से ऐसा कदम उठा रहे हैं, उन्हें जनता के मुद्दे उठाने थे लेकिन वह पार्टी के मुद्दे उठाने लगे। उन्होंने शोले फिल्म के मशहूर डायलॉग 'जो डर गया, वह मर गया' का जिक्र करते हुए राघव चड्ढा को घेरा है।
यह भी पढ़ें: पॉपुलैरिटी से जलन या साथ न खड़े होने की सजा, राघव चड्ढा के साथ AAP ने क्या किया?
'जो डर गया, वह मर कर गया'
AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भरद्वाज ने कहा, 'राघव भाई आपका वीडियो देखा। हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, हमने यह सीखा है कि जो डर गया, समझो वह मर गया। सरकार से जो भी गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछो तो उसे बैन कर दिया जाता है, मुकदमे में होते हैं, FIR होती है। सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता अगर कोई अपना सॉफ्ट पीआर संसद में करे।'
सौरभ भरद्वाज, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, AAP:-
संसद में एक छोटी सी पार्टी का बड़ा लिमिटेड टाइम होता है। उस समय में अगर कोई समोसों की बात उठा रहा है तो उससे जरूरी है कि बड़े मुद्दों की बात उठाए। पूरे देश में हमने देखा है कि हर चुनाव में हर राज्य में चुनाव से पहले सही लोगों के वोट काटे जा रहे हैं। नकली और झूठे वोट बनाकर सरकार पूरी बेइमानी के साथ सिस्टम पर कब्जा करके चुनाव जीत रही है। पश्चिम बंगाल में भी यही हो रहा है।
सौरभ भरद्वाज ने कहा, 'अभी सारे विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए एक मोशन लेकर आए थे, आपने वोट नहीं किया। जब विपक्ष वॉकआउट करता है तो आप वहीं रहते हैं। आपने कोई ऐसा सवाल सरकार या प्रधानमंत्री से नहीं पूछा है। ऐसे डर कर राजनीति कैसे चलेगी? हम लोगों को सौरभ भरद्वाज ने कहा, 'हमें पंजाब के मुद्दे उठाने हैं। जहां से आप चुनकर आते हैं। अभी गुजरात के 160 कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे लादे गए आप चुप रहे। तमाम नेता जेल में थे। अरविंद केजरीवाल को बतौर मुख्यमंत्री सरकार ने झूठे मुकदमे में जेल में ठूंस दिया, आप चुप थे। मेरा मानना है कि देश के लिए असली मुद्दे हमें निडरता और साहस से उठाने पड़ेंगे। भारतीय जनता के मुद्दे को आंख में आंख डालकर मुद्दे उठाने चाहिए आपके समर्थन में बीजेपी आ गई है।'
यह भी पढ़ें: 'खामोश करवाया गया, हारा नहीं...', AAP की कार्रवाई पर पहली बार बोले राघव चड्ढा
सौरभ भरद्वाज, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, AAP:-
आप सोचिए आप कहां से चले थे, कहां आ गए हैं। देश को किन चीजों की जरूरत है और आप कैसे बेहतर कर सकते हैं।
अनुराग ढांढा ने कहा, 'राघव तुम डर गए हो'
आम आदमी पार्टी के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांढा ने कहा, 'हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए? संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का।'
अनुराग ढांढा, नेशनल मीडिया इंचार्ज, AAP:-
गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले? पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में प्रस्ताव आया CEC के खिलाफ तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया। पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदी जी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो।
यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा को AAP ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाया
संजय सिंह ने क्या कहा, 'राघव चड्ढा, आप चुनाव आयोग, पश्चिम बंगाल में SIR जैसे मुद्दों पर खामोश रहते हो। आप कई सारे मुद्दों पर वॉकआउट करने की नौबत आती है तो आप नहीं करते हो। गुजरात में कार्यकर्ताओं को पीटा जाता है तो आप चुप रहते हो। कई सवाल हैं, जिनका जवाब देश अब जानना चाहता है।'
