उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। बीजेपी सहयोगी दलों को साथ रखने के लिए अलग-अलग फॉर्मूले पर विचार कर रही है लेकिन सहयोगी दल अपनी राजनीतिक पहचान और चुनावी हिस्सेदारी से समझौता करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि बीजेपी की ओर से 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' यानी बीजेपी के चुनाव चिह्न पर सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाने का विकल्प भी सामने आया लेकिन इस पर भी सहमति नहीं बन सकी। अब सीटों की मांग और चुनाव चिह्न को लेकर एनडीए के भीतर खींचतान बढ़ती दिखाई दे रही है।

बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सहयोगी दलों को सम्मानजनक सीटें देने और अपने मौजूदा विधायकों व टिकट के दावेदारों को समायोजित करने की है। इसी को देखते हुए 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' का विकल्प सामने आया। इसके तहत सहयोगी दल अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को बीजेपी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतार सकते हैं। इससे बीजेपी को सहयोगियों को साथ रखने और सीटों का गणित साधने में मदद मिल सकती है। हालांकि इस फॉर्मूले पर सहयोगियों की सहमति को लेकर सवाल बने हुए हैं।इस बीच सहयोगी दलों ने अपनी सीटों की मांग भी बढ़ा दी है।

 

निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने 30  सीटों तक अपनी दावेदारी जताई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी करीब 30 से 33 सीटें चाहते हैं। अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी 30 से 40  सीटों पर दावेदारी कर रही हैं, जबकि जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल भी 35से ज्यादा सीटें चाहती है। इस तरह चारों सहयोगियों की मांग बीजेपी के सामने सीट बंटवारे का बड़ा गणित खड़ा कर रही है।

दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से मिल रहे सहयोगी

सीटों के इसी गणित को सुलझाने के लिए सहयोगी दलों के नेता लगातार बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्तर पर भी गठबंधन के घटक दलों के साथ बातचीत चल रही है। संजय निषाद अपनी पार्टी की दावेदारी और सीटों के मुद्दे पर अमित शाह से मिल चुके हैं। अनुप्रिया पटेल और ओम प्रकाश राजभर भी अपनी मांगों को बीजेपी नेतृत्व के सामने रख रहे हैं। सहयोगी दल चाहते हैं कि सीटों पर जल्द फैसला हो, ताकि वे अपने संभावित विधानसभा क्षेत्रों में संगठन और चुनावी तैयारियां मजबूत कर सकें।

 

यह भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली में तीसरे दल की होगी एंट्री , 5 लाख भीड़ जुटाने का दावा

दोनों बेटों के साथ योगी से मिले राजभर

इसी बीच 24 नवंबर को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अपने दोनों बेटों अरविंद राजभर और अरुण राजभर के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब निषाद पार्टी और सुभासपा के बीच आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर दावेदारी का विवाद चर्चा में है। राजभर अपने परिवार और पार्टी की राजनीतिक तैयारी के बीच इस सीट पर भी दावा जता रहे हैं, जबकि निषाद पार्टी इसे अपना पुराना गठबंधन क्षेत्र बताकर छोड़ने को तैयार नहीं है। राजभर ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि गठबंधन में सीटों का फैसला संजय निषाद नहीं, बल्कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उनके मुताबिक अमित शाह और नितिन नवीन ही इस पर अंतिम निर्णय लेंगे।

अतरौलिया सीट पर राजभर और निषाद आमने-सामने

बीजेपी गठबंधन में मुश्किल केवल सीटों की संख्या तय करने की नहीं है, बल्कि सहयोगी दलों के बीच एक ही विधानसभा क्षेत्र पर होने वाली दावेदारी भी है। आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी और सुभासपा दोनों अपना दावा जता रही हैं। निषाद पार्टी का कहना है कि 2022 में यह सीट उसके खाते में गई थी और इस बार भी वह अपनी दावेदारी नहीं छोड़ेगी। वहीं राजभर का कहना है कि उनकी पार्टी लंबे समय से क्षेत्र में काम कर रही है। इस विवाद ने गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे की चुनौती और बढ़ा दी है। 

बीजेपी के सामने अपने नेताओं को भी साधने की चुनौती

बीजेपी के लिए मुश्किल यह है कि सहयोगियों की मांगें पूरी करने पर पार्टी के अपने नेताओं और मौजूदा विधायकों के टिकट का गणित प्रभावित हो सकता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीटें जीती थीं, जबकि निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। उस समय आरएलडी और सुभासपा समाजवादी पार्टी के गठबंधन में थीं। अब दोनों दल बीजेपी के साथ हैं और अपनी नई राजनीतिक स्थिति के आधार पर अधिक सीटें चाहते हैं। बीजेपी चारों सहयोगी दलों को 2022 में उनकी पार्टी के स्ट्राइक रेट के हिसाब से सीटें देना चाहती है।

 

यह भी पढ़ें: NDA में सीटों पर संग्राम! अतरौलिया-चौरीचौरा के लिए राजभर व संजय निषाद आमने-सामने

चार सहयोगी, 30 से ज्यादा सीटों की दावेदारी

एनडीए में इस समय निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल (एस) और आरएलडी की मांगों को लेकर बातचीत चल रही है। सभी दल अपनी राजनीतिक पहचान और प्रभाव वाले क्षेत्रों में अधिक सीटें चाहते हैं। दूसरी तरफ बीजेपी अपने हिस्से की सीटें बचाने के साथ सहयोगियों को भी नाराज नहीं करना चाहती। यही वजह है कि सीटों की संख्या के साथ-साथ चुनाव चिह्न और उम्मीदवारों के चयन पर भी सहमति बनाना जरूरी हो गया है।उत्तर प्रदेश में बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। ऐसे में एनडीए के सभी सहयोगियों को साथ रखना उसकी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। अब देखना होगा कि बीजेपी 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' जैसे विकल्प से सहमति बना पाती है या फिर सीटों के बंटवारे के लिए कोई दूसरा फॉर्मूला निकालना पड़ेगा। फिलहाल सहयोगियों की बढ़ती मांग, आपसी सीट विवाद और चुनाव चिह्न का सवाल बीजेपी के गठबंधन प्रबंधन की बड़ी चुनौती बना हुआ है।