इन दिनों उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा चर्चा प्रतापगढ़ के कुंडा की हो रही है। कारण है धीरेंद्र शास्त्री की कथा और इस कथा के आयोजक स्थानीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया। कुल पांच मुख्यमंत्रियों की सरकार में मंत्री रह चुके राजा भैया ने यह कथा करवाई तो उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य , कई दलों के सांसद-विधायक और अन्य नेता पहुंचे। 2027 के चुनाव से ठीक पहले किसी दूसरे दल के नेता की ओर से आयोजित कथा में सबसे ज्यादा उत्साह से पहुंचने वालों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता रहे। इस घटना ने बीजेपी और राजा भैया के जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के संभावित गठबंधन के कयासों को भी हवा दे दी है। सिर्फ 6 साल पुरानी इस पार्टी के पास भले ही 2 विधायक हों लेकिन इस आयोजन ने खलबली मचा दी है। अब सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या यह सिर्फ धार्मिक आयोजन था या इसके पीछे राजनीतिक हित भी हैं।
बीते एक दशक में घटी घटनाओं में इसके कुछ कारण नजर भी आते हैं। चाहे वह समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से बढ़ती दूरी हो, 2022 में राजा भैया की जबरदस्त घेराबंदी हो या फिर योगी आदित्यनाथ से उनकी स्पष्ट निकटता। बीते कुछ साल में राजा भैया 'हिंदुत्व की विचारधारा' के प्रबल समर्थक बनते नजर आ रहे हैं। इसके पीछे एक बड़ा कारण 2022 के नतीजे भी हैं जिसमें राजा भैया को जीत तो मिली लेकिन इस जीत का स्वाद कड़वा हो गया था। आइए इस कथा के आयोजन के संभावित कारणों के बारे में विस्तार से समझते हैं...
2022 के चुनाव नतीजों ने बदलवाई रणनीति
2017 के चुनाव में राजा भैया सपा के साथ थे। वह भले ही निर्दलीय थे लेकिन अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री भी थे। 2017 के चुनाव में सपा की हार हुई और बीजेपी की सरकार बनी। इसी के बाद सपा और बसपा का गठबंधन हो गया था। इस गठबंधन के साने मार्च 2018 में एक राज्यसभा चुनाव आया। स्थिति ऐसी बनी कि सपा और उसके समर्थक विधायकों को बसपा के उम्मीदवार भीमराव आंबेडकर के लिए वोट करना था। राजा भैया ने तब साफ कहा कि वह बिना शक अखिलेश यादव और सपा के साथ हैं लेकिन वह बसपा के उम्मीदवार के लिए वोट नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'प्रदेश अध्यक्ष धमका रहे, डिप्टी CM साथ नहीं', CM योगी पर जमकर बरसे अखिलेश यादव
वोटिंग के दिन आखिर में वोट डालने गए राजा भैया ने जो कहा वही किया। उन्होंने बसपा के उम्मीदवार को वोट नहीं दिया। नतीजा हुआ कि बीजेपी के अनिल अग्रवाल जीत गए। इससे अखिलेश यादव बहुत नाराज हुए। यहीं से उनके और राजा भैया के रिश्ते खराब हो गए। 2018 में ही राजा भैया ने अपनी पार्टी बना ली। 2021 में प्रतापगढ़ पहुंचे अखिलेश यादव से जब राजा भैया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'कौन हैं? आप किनका नाम ले रहे हो? कौन हैं राजा भैया, मैं तो नहीं जानता।' अखिलेश यादव के ये शब्द उस शख्स के लिए थे जो उनकी ही सरकार में कैबिनेट मंत्री था।
फिर 2022 के चुनाव में अखिलेश यादव ने कुंडा में कुडी लगाने वाला बयान दिया और राजा भैया ने उसी भाषा में जवाब दिया। चुनाव नतीजे आए तो सपा के गुलशन यादव हार तो गए लेकिन राजा भैया की जीत का अंतर कम हो गया। उसी वक्त राजा भैया को यह एहसास हो गया था कि अब चुनाव पारंपरिक तरीकों से लड़ना मुश्किल होगा। इसी के बाद राजा भैया के बेटे भी कुंडा में सक्रिय दिखने लगे और अब यह कथा भी आयोजित करवाई गई।
2024 ने बीजेपी को भी सोचने पर किया मजबूर?
2024 के लोकसभा चुनाव में एक रोचक बात देखने को मिली। 2019 में लोकसभा और 2022 में कई सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) ने प्रतापगढ़ और कौशांबी दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे। राजा भैया ने स्पष्ट तौर पर प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता और कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर की उम्मीदवारी का विरोध भी किया। इसी बीच कौशांबी से सपा के उम्मीदवार पुष्पेंद्र सरोज ने राजा भैया के घर जाकर उनसे मुलाकात की। राजा भैया ने वोटिंग से पहले अपने समर्थकों से अपील की कि वे अपने विवेक से वोट करें। इसका नतीजा यह हुआ कि बीजेपी इन दोनों ही लोकसभा सीटों पर हार गई और सपा के एस पी सिंह पटेल प्रतापगढ़ से पुष्पेंद्र सरोज कौशांबी से लोकसभा चुनाव जीत गए।
यह भी पढ़ें: 'हिंदुओं को मुसलमानों से सीखना चाहिए', क्या नसीहत दे रहे हैं रघुराज प्रताप सिंह?
तब माना जाने लगा था कि सपा और राजा भैया फिर से साथ आ जाएंगे। हालांकि, समय के साथ राजा भैया उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीब दिखने लगे। वह कई मौकों पर योगी आदित्यनाथ की तारीफ भी कर चुके हैं। ऐसे में दो सीटें हारने के बाद बीजेपी ने भी राजा भैया की ओर हाथ बढ़ाया है। हाल ही में यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी राजा भैया से मिलने पहुंचे थे। तब से ही चर्चा शुरू हो गई है कि 2027 के चुनाव से पहले राजा भैया की पार्टी नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (एनडीए) का हिस्सा बन सकती है। कहा जा सकता है कि राजा भैया ने 10 सीटों की मांग रखी है लेकिन 5 से 10 के बीच में बात बन सकती है। अगर ऐसा होता है तो राजा भैया की राह आसान हो जाएगी और कुंडा में उन्हें 2022 जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आनंद पांडे की कथा ने बढ़ाया दबाव?
कुंडा में भले ही यह कथा बहुचर्चित हो लेकिन एक साल पहले हुए एक और कथा ने कुंडा को चर्चा में रखा था। उस कथा के आयोजक आनंद पांडे थे जो देखते ही देखते कुंडा के साथ-साथ प्रतापगढ़ के आस-पास के कई जिलों में चर्चित चेहरा बन गए। 11 अक्तूबर 2025 से 19 अक्तूबर 2025 की यह कथा कुंडा के परानूपुर गांव में हुई थी और कथा राजन महाराज ने सुनाई थी। आनंद पांडे बार-बार कहते रहे कि यह कथा राजा भैया के संरक्षण में ही हो रही है। हालांकि, कथा के शुरुआती कई दिनों राजा भैया के ना आने को लेकर भी सवाल उठने लगे थे।
यह भी पढ़ें: कभी 80-20 तो कभी मथुरा-काशी, ध्रुवीकरण को ही आखिरी रास्ता क्यों मान रही BJP?
खुद आनंद पांडे को इस मामले पर सफाई देनी पड़ी थी। आखिर में कथा के आखिरी दिन राजा भैया पहुंचे थे और राजन महाराज ने भी उनका स्वागत किया था। रोचक बात है कि इस कथा के बाद से आनंद पांडे प्रतापगढ़ में खूब सक्रिय हैं। वह आसपास के जिलों में होने वाली कथाओं में भी बुलाए जाते हैं और राजनेताओं के साथ भी वह खूब दिखते हैं।
माना जाता है कि आनंद पांडे की बढ़ती लोकप्रियता ने भी राजा भैया पर दबाव बढ़ा दिया। राजा भैया के खिलाफ भले ही अभी तक तमाम दलों के नेता चुनाव लड़ते रहे हों लेकिन लोकप्रियता के मामले में कोई भी उनके सामने नहीं टिकता। ऐसे में सिर्फ एक साल में आनंद पांडे की लोकप्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।
अब रोचक बात है कि राजा भैया की ओर से आयोजित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में आनंद पांडे नहीं पहुंचे। जिस समय कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा हो रही थी, ठीक उसी समय आनंद पांडे बगल के जिलों में हो रही कथाओं में पहुंचते रहे लेकिन वह अपने ही कुंडा में हुई कथा में नहीं दिखे। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस पर भी सवाल उठाए। सवाल उठने के बाद आनंद पांडे ने कुछ पोस्ट करके लोगों से अपील की कि वे कथा में पहुंचे। खुद आनंद पांडे ने यह भी कहा कि वह कथा में पहुंच रहे हैं लेकिन वह आखिरी दिन तक वह इस कथा में नहीं पहुंचे।
कुंडा का जातीय समीकरण है हिंदुत्व फार्मूले की वजह?
कुंडा में 2022 से पहले सपा राजा भैया को समर्थन देती रही थी। इसका असर यह होता था कि लगभग सभी जातियों का वोट राजा भैया को मिलता था और वह एकतरफा जीतते थे। 2022 में गुलशन यादव के चुनाव लड़ने की वजह से सपा के पारंपरिक मुस्लिम, यादव वोट के अलावा कुछ अन्य पिछड़ी जातियों के वोटर भी राजा भैया के साथ हो गए। इसके बाद 2024 में अखिलेश यादव का PDA फार्मूला हिट हुआ तो पिछड़ी जातियों के मतदाता सपा के साथ और मजबूती से हो एकजुट हो गए। अब यही बात राजा भैया के लिए चिंता का विषय बन गई है।
यह भी पढ़ें: 'दुर्जनों को आखिर में याद आते हैं राम', अखिलेश की अयोध्या यात्रा पर बोले योगी
कुंडा में मुस्लिम और यादव मतदाता लगभग 50-50 हजार हैं। 70 से 75 हजार अनुसूचित जाति के मतदाता हैं जिनमें पासी सबसे ज्यादा हैं। क्षत्रिय सबसे कम हैं और ब्राह्मण लगभग 35 से 40 हजार हैं। इसके बावजूद 2022 में राजा भैया लगभग एक लाख वोट हासिल करने में कामयाब हो गए थे।
अब 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने जातियों का समीकरण ऐसा सेट किया कि प्रदेश में बीजेपी भी सपा से पीछे हो गई। अब 2027 में सपा यही फार्मूला पीडीए के नाम दोहराए जाने की तैयारी है। इस फार्मूले ने कई क्षत्रपों की चिंता बढ़ा रखी है और वे अपने-अपने समीकरण दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
पिछले पांच चुनाव के नतीजे क्या कहते हैं?
2022: सपा से अलग होकर राजा भैया ने अपनी पार्टी बनाई और उसी के टिकट पर चुनाव लड़े। सपा ने उनके खिलाफ उनके ही करीबी रहे गुलशन यादव को टिकट दिया। बीजेपी ने सिंधुजा मिश्रा सेनानी को टिकट दिया। राजा भैया को पिछले चुनाव की तुलना में लगभग 36 हजार वोट कम मिले। पिछले चुनाव में 1 लाख वोटों के अंतर से जीते राजा भैया इस बार सिर्फ 30,315 वोट हासिल कर पाए। गुलशन यादव को 69,297 और राजा भैया को 99612 वोट मिले।
जीत का अंतर: 30,315
2017: राजा भैया निर्दलीय उम्मीदवार थे लेकिन सपा और कांग्रेस के गठबंधन ने उनका समर्थन किया। बीजेपी ने जानकी शरण को टिकट दिया। राजा भैया को 1,36,597 वोट मिले और जानकी शरण को सिर्फ 32,950 वोट मिले। राजा भैया यह चुनाव 1,03,647 वोटों के अंतर से जीते।
जीत का अंतर: 1,03,647
2012: उस चुनाव में मायावती के खिलाफ एंटी इन्कम्बेंसी थी। राजा भैया तब सपा के ही साथ थे। वह निर्दलीय उम्मीदवार थे और सपा ने समर्थन किया। बसपा ने तब शिव प्रकाश मिश्र 'सेनानी' को उतारा था। शिव प्रकाश सेनानी काफी मुखर होकर चुनाव लड़े लेकिन उनका असर नहीं दिखा। राजा भैया को 1,11,392 वोट मिले और शिव प्रकाश सेनानी को 23,137 वोट मिले। जीत का अंतर 88,255 वोटों का था। तब बीजेपी के त्रिभुवन को सिर्फ 3515 वोट मिले थे।
जीत का अंतर: 88,255
2007: इस चुनाव में राजा भैया सपा समर्थित थे। बसपा ने शिव प्रकाश सेनानी को, अपना दल (कमेरावादी) ने प्रकाश सिंह और कांग्रेस ने कुंवर अमरेश सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। राजा भैया को तब 73,732 वोट मिले और शिव प्रकाश सेनानी को 20,604 वोट मिले। जीत का अंतर 53,128 वोटों का था।
जीत का अंतर: 53,128
2002: यह ऐसा चुनाव था जब राजा भैया और सपा साथ नहीं थे। सपा ने मोहम्मद सामी को उम्मीदवार बनाया था। राजा भैया को तब 88,446 वोट मिले। सपा के मोहम्मद सामी को 6768 वोट मिले और बसपा के योगेंद्र मिश्रा उर्फ मौला महाराज को 3583 वोट मिले। राजा भैया यह चुनाव 81,678 वोट से जीते।
जीत का अंतर: 81,678
ये आंकड़े बताते हैं कि एक प्रमुख दल के मजबूती से चुनाव लड़ते ही राजा भैया की जीत का अंतर और उनको मिलने वाले वोटों में कमी आई है। ऐसा तब हुआ जब बीजेपी ने मजबूती से चुनाव नहीं लड़ा था। 2022 में भले ही बीजेपी ने यहां से उम्मीदवार उतारा हो लेकिन कोई भी बड़ा नेता प्रचार करने नहीं आया। नतीजों के बाद इस बात की खूब चर्चा हुई कि अगर बीजेपी भी मजबूती से लड़ती और चुनाव त्रिकोणीय होता तो परिणाम अलग भी हो सकते थे।
ये आंकड़े भी दिखा रहे हैं कि 2027 के चुनाव से पहले राजा भैया को नए फार्मूले, नए अभियान और नई ऊर्जा की जरूरत है। फिलहाल तो ऐसा लग रहा है कि उनको और उनके दल को कम से कम नई ऊर्जा को मिल गई है। अब देखना यह है कि 2027 के चुनाव से पहले सपा और बीजेपी का इस पर क्या रुख होगा।
