उत्तर प्रदेश की सियासत में एक पत्रकार के वायरल दावे पर सियासी रार मचा है। वायरल खत ने विपक्ष को मौका दिया है कि वे खुलकर कह सकें कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर सब ठीक नहीं है, अंदरुनी कलह की स्थिति है। एक दावा यह भी किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नेतृत्व के बीच अनबन की स्थिति है, लोकसभा चुनावों की तरह विधानसभा चुनावों में उनके सुझावों को पार्टी नहीं मान रही है।

यूपी की सियासत में यह शोर इतना बढ़ गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी को आकर सफाई देनी पड़ी कि उत्तर प्रदेश BJP ने 209 उम्मीदवार तय कर केंद्रीय नेतृत्व को नहीं भेजा है। मुख्यमंत्री योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने साझा बयान जारी किया। कहा गया कि यह योगी आदित्यनाथ और केंद्र के अनबन का नतीजा है कि तय उम्मीदवारों के नाम वापस लिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव की लैपटॉप योजना के बाद योगी का टैबलेट दांव, 2027 पर नजर?

क्यों शोर मचा था?

सोशल मीडिया एक चर्चा छिड़ी और पत्र वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए 209 उम्मीदवार तय कर लिए हैं। कहा गया कि इन नामों को योगी आदित्यनाथ की सिफारिश पर भेजा गया है। अब इसे खारिज किया गया है। इसे अफवाह बताने वाली विज्ञप्ति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के संयुक्त हस्ताक्षर हैं।

पहले दावा किया जा रहा था कि BJP ने राज्य की 403 में से 209 सीटों के लिए नाम तय कर दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं। बयान में इन खबरों को गलत बताया गया। इसमें कहा गया कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश के लिए अभी शुरू ही नहीं हुई है।

अब क्या सफाई दी जा रही है?

पंकज चौधरी और योगी आदित्यनाथ का अब संयुक्त रूप से कहना है कि BJP कैडर आधारित पार्टी है। विधानसभा या किसी भी चुनाव के लिए उम्मीदवार चुनने की उसकी एक संगठित लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। राज्य नेतृत्व या संगठन ने ऐसी कोई सूची न तो बनाई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है। बयान में इन दावों को निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत बताया गया। इसमें गलत जानकारी फैलाने को साजिश भी कहा गया है।

अफवाह पर ऐसी सफाई क्यों देनी पड़ी?

कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार नेताओं से पूछ रहे थे कि कौन सी 209 सीटें लखनऊ में तय हो चुकी हैं। लोग अपने-अपने नेताओं को तलब करने लगे। सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे। अब इस सफाई दी जा रही है कि इसका मकसद भ्रम दूर करना और यह संदेश देना भी था कि लखनऊ और दिल्ली के बीच तालमेल में कमी नहीं है। राज्य के प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी बयान जारी करते वक्त लखनऊ में मौजूद रहे।  

किस वजह से शोर मचा था?

पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि 209 उम्मीदवारों की सूची योगी आदित्यनाथ से बातचीत के बाद तैयार हुई और मंजूरी के लिए दिल्ली भेजी गई है। इनमें वही चेहरे हैं, जिन्हें योगी आदित्यनाथ चाहते हैं कि विधानसभा चुनावों में उतारा जाए। अब दावा किया जा रहा है कि ऐसी कोई सूची ही तैयार नहीं हुई थी। 

यह भी पढ़ें: 1.27 करोड़ वोटरों का मुद्दा , BJP का बड़ा दांव; योगी-पंकज ने संभाला मोर्चा

योगी आदित्यनाथ को चेतावनी दे रहे पंकज चौधरी?

पंकज चौधरी का एक बयान यूपी में छाया हुआ है। आलोचकों का कहना है कि योगी आदित्यनाथ के काम करने का तरीका बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को नहीं पसंद है। अगर बीजेपी ने उन्हें दरकिनार करने की कोशिश की तो वह पार्टी से अलग हटकर कुछ कदम उठा सकते हैं। इन चर्चाओं के बीच पंकज चौधरी ने इशारे ही इशारों में बड़ी बात कही है, जिसे इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। 

 

वायरल वीडियो में पंकज चौधरी कहते नजर आ रहे हैं, '1991 से राजनीति में बीजेपी के ही राजनीति में हूं। जहां तक मैं समझता हूं कि मैं भी संगठन के बल पर ही यहां तक पहुंचा हूं। भारतीय जनता पार्टी संगठन के बल पर ही सरकारें बनाती है और सरकारें जो बनती हैं उनकी अच्छाइयों को धरातल तक ले जाने का काम संगठन के लोग, हमारे कार्यकर्ता ही करते हैं। 

पंकज चौधरी, अध्यक्ष, यूपी बीजेपी:-
 अगर आप देखें कि संगठन से इस दल में जिन लोगों ने भी अलग होकर पार्टियां बनाई हैं, उनका अस्तित्व क्या है? क्योंकि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित पार्टी है। विचारों पर हमारे कार्यकर्ता काम करते हैं। उस विचारधारा से अलग अगर होंगे तो आप सर्वाइव नहीं कर पाएंगे।

पंकज चौधरी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी का कोई भी, जो भी नेता इससे अलग हुआ है, वह अपना अस्तित्व नहीं बचा पाया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी संगठन सर्वोपरि की भावना को मानती है।