इस साल अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई से हो चुकी है, जहां बड़ी संख्या में कई ऐसे भक्त जम्मू-कश्मीर पहुंचे, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। इन लोगों की वजह से यात्रा में भीड़भाड़ और असुविधा की स्थिति बनी। इसी को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक बैठक की। बैठक में उन्होंने भक्तों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा योजना का जायजा लिया, जहां उन्हें पता चला कि यहां भक्त ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पता चला कि कई लोग बिना रजिस्ट्रेशन कराए जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं, जो वहीं ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। इससे रास्ते में लोगों की भीड़ लग रही है। इसी वजह से उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि भक्त जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें यात्रा मार्ग पर आगे न जाने दिया जाए। अब सवाल उठता है कि जम्मू-कश्मीर में ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन किस प्रकार हो रहा है।
यह भी पढ़ें: कृष्ण के जिन भाइयों को कंस ने मारा था, उनके बारे में क्या कहता है भागवत पुराण?
ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन से बढ़ीं मुश्किलें
जम्मू में ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा तवी रिवर फ्रंट के किनारे दी जा रही है, जहां हजारों की तादाद में लोग यात्रा का रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे। उन्हें अब 9 तारीख की यात्रा की अनुमति मिली है। जिन लोगों को कई दिन बाद की तारीख मिली है, वे बेहद परेशान हैं कि तब तक वे जम्मू में कहां रुकेंगे और क्या करेंगे क्योंकि उनके पास ठहरने का कोई इंतजाम नहीं है। ऐसी स्थिति में कई लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कई लोगों ने अपील की है कि जो लोग बिना रजिस्ट्रेशन कराए अमरनाथ यात्रा के लिए आ रहे हैं, वे जल्द से जल्द जम्मू आकर रजिस्ट्रेशन करा लें, ताकि रजिस्ट्रेशन समय पर हो जाए। जानकारी के लिए बता दें कि ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन का सीमित कोटा है, जिससे लोगों को रजिस्ट्रेशन कराने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: 5 जुलाई राशिफल, सूर्य के प्रभाव से किन लोगों का दिन अच्छा रहेगा और किनका खराब?
क्या है रजिस्ट्रेशन का सही तरीका?
अमरनाथ यात्रा का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से हो सकता है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए सबसे पहले आपको अमरनाथ यात्रा बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट https://jksasb.nic.in/onlineservices/agreeme.html पर जाना होगा। वहां आपको अपनी व्यक्तिगत जानकारी और हेल्थ रिपोर्ट साझा करनी होगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 3 जुलाई से शुरू होकर 12 अगस्त तक कराई जा सकती है। इसके अलावा, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आपको जम्मू के तवी रिवर फ्रंट के पास बने रजिस्ट्रेशन सेंटर पर जाना होगा, जहां आप रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन कराने की फीस 150 रुपये है।


