हिंदू धर्म में वाराणसी और काशी को बेहद अहम तीर्थ स्थल माना जाता है। वाराणसी का सबसे पुराना उल्लेख महाभारत में मिलता है। धर्म ग्रंथ महाभारत में बताया गया है कि धरती पर कुछ स्थान बेहद पवित्र होते हैं। इनमें से कुछ स्थल ऋषि-मुनियों के संपर्क से पवित्र हो गए हैं और कुछ स्थल देवी-देवताओं के प्रभाव की वजह से पवित्र हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश की काशी शिव भक्तों के लिए बेहद पवित्र है। शिव शास्त्र में बताया गया है कि काशी के कण-कण में शिव जी विराजमान हैं। इसी वजह से काशी में कई शिव मंदिर हैं लेकिन काशी का विश्वनाथ मंदिर बेहद चमत्कारी मंदिर है।
धर्म ग्रंथ स्कंद पुराण के काशी खंड में काशी के 511 शिवालयों के बारे में बताया गया है, जिनमें 11 स्वयंभू, 46 विभिन्न देवताओं द्वारा स्थापित, 47 ऋषियों द्वारा, 7 ग्रहों द्वारा, 40 गणों द्वारा अर्चित तथा 295 अन्य लिंग भी हैं। सावन शिव का प्रिय महीना है। इसके दो कारण हैं। पहला, विष पीने की वजह से जब भगवान शिव के शरीर में जलन होने लगी थी, तो बाकी देवताओं ने उन्हें शांत करने के लिए जल अर्पित किया था। दूसरा, मां पार्वती ने इसी महीने में शिव को प्राप्त करने के लिए कठोर व्रत किया था। काशी विश्वनाथ मंदिर को बेहद चमत्कारी माना जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि नाथों के नाथ विश्वनाथ मंदिर की कहानी क्या है।
यह भी पढ़ें: कब है देव दीपावली, वाराणसी में कैसे मनाया जाता है यह पर्व? जान लीजिए
विश्वनाथ मंदिर तांत्रिक सिद्धि के लिए है खास
श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग दो भागों में हैं। दाहिने भाग में शक्ति के रूप में मां भगवती विराजमान हैं, वहीं दूसरी ओर भगवान शिव सुंदर रूप में विराजमान हैं। इसीलिए काशी को मुक्ति क्षेत्र कहा जाता है। देवी भगवती के दाहिने ओर विराजमान होने से मुक्ति का मार्ग केवल काशी में ही प्रशस्त होता है। काशी में ही मनुष्य को मुक्ति मिलती है और वह व्यक्ति जीवन-मृत्यु के बंधन से मुक्त हो जाता है। भगवान शिव खुद यहां तारक मंत्र देकर लोगों को तारते हैं। अकाल मृत्यु से मरा मनुष्य बिना यहां शिव आराधना के मुक्ति नहीं पा सकता। सबसे महत्वपूर्ण बाबा विश्वनाथ दरबार में गर्भगृह का शिखर है, जिसमें ऊपर की ओर गुंबद श्री यंत्र से मंडित है, जो तांत्रिक सिद्धि के लिए सर्वोत्तम स्थान है। श्री यंत्र तंत्र साधना के लिए प्रमुख माना जाता है।
बाबा विश्वनाथ के दरबार में तंत्र की दृष्टि से चार प्रमुख द्वार हैं, जो इस प्रकार हैं। पहला शांति द्वार, दूसरा कला द्वार, तीसरा प्रतिष्ठा द्वार और चौथा निवृत्ति द्वार है। इन चारों द्वारों का तंत्र में अलग ही स्थान है। पूरी दुनिया में ऐसा नहीं मिलेगा, जहां शिव-शक्ति एक साथ विराजमान हों और तंत्र द्वार हों।
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: मेष से लेकर मीन तक, इस हफ्ते कैसा रहेगा सभी 12 राशियों का हाल?
काशी की पहचान ही काशी विश्वनाथ से है। यहां रोज लाखों की संख्या में भक्त आते हैं। यह अलग बात है कि अयोध्या के राम मंदिर के ध्वंस के बाद इस मंदिर को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित कर भारी सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती कर दी गई थी। मंदिर से आधा किलोमीटर पहले ही भक्तों की तलाशी लेकर प्रवेश दिया जाता है, जहां कैमरा, मोबाइल, घड़ी, पेन को यहीं रख दिए जाते हैं।
विश्वनाथ मंदिर में होती हैं पांच आरती
मंगला, भोग, सप्त ऋषि, श्रृंगार और शयन आरती। इसमें सबसे पहले पुजारी खुद को शिव स्वरूप में लाने के लिए अपने शरीर पर भभूत, भस्मी आदि लगाते हैं। इसके बाद बाबा विश्वनाथ जी को भस्म, आचमन, पंचामृत स्नान और वस्त्र समर्पित किए जाते हैं। फिर चंदन, रुद्राक्ष माला, बेलपत्र, अबीर-गुलाल और अंत में पुष्प माला से श्रृंगार किया जाता है। सायंकाल होने वाली श्रृंगार आरती में बाबा का राजा की तरह सोने के मुकुट सहित अन्य रत्नों से श्रृंगार होता है, तो वहीं रात की शयन आरती में कोई भी गर्भगृह में प्रवेश नहीं करता है। इस आरती में भक्त डमरू और घंटी की लय में भजन गाते हैं और आरती चलती है। श्रृंगार आरती में पुजारी बैठकर आरती करते हैं, जबकि बाकी चार आरती में ये खड़े होकर आरती करते हैं।
यह भी पढ़ें: छठ में व्रत का पारण करते समय किन नियमों का रखें ध्यान? न करें ये गलती
बाबा विश्वनाथ मंदिर का इतिहास
काशी विश्वनाथ मंदिर अनादिकाल से काशी में है। शास्त्रों में मिलता है कि वर्तमान ज्योतिर्लिंग साक्षात बाबा विश्वनाथ के रूप में दिखाई पड़ती थी। इसीलिए आदिलिंग के रूप में अविमुक्तेश्वर को ही प्रथम लिंग माना गया है। इसका उल्लेख महाभारत और उपनिषद में भी किया गया है। बाबा विश्वनाथ के इतिहास से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं, जिनको शायद बहुत कम लोग ही जानते होंगे। डॉ. एएस भट्ट ने अपनी किताब 'दान हारावली' में इसका जिक्र किया है कि बादशाह अकबर के बाद टोडरमल ने मंदिर का पुनर्निर्माण 1558 में करवाया था। 1669 में औरंगजेब ने आक्रमण कर इस मंदिर को क्षति पहुंचाई थी। 1777 में इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा इस मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया गया था।
अनादिकाल से बाबा काशी में विराज रहे हैं। धर्मग्रंथों में महाभारत काल से भी पहले का वर्णन मिलता है। इतिहास की किताबों में 11वीं से 15वीं सदी के कालखंड में मंदिरों का जिक्र और उनके विध्वंस की बातें भी सामने आती हैं। मोहम्मद तुगलक (1325) के समकालीन लेखक जिनप्रभ सूरी ने किताब 'विविध कल्प तीर्थ' में लिखा है कि बाबा विश्वनाथ को देव क्षेत्र कहा जाता था। लेखक फ्यूरर ने भी लिखा है कि फिरोज शाह तुगलक के समय कुछ मंदिर मस्जिद में तब्दील हुए थे। 1460 में वाचस्पति ने अपनी पुस्तक 'तीर्थ चिंतामणि' में वर्णन किया है कि अविमुक्तेश्वर और विशेश्वर एक ही लिंग हैं।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: मेष से मीन तक, आज किन राशियों की चमकेगी किस्मत?
औरंगजेब ने तुड़वाया था मंदिर
1669 में औरंगजेब ने मंदिर पर आक्रमण किया था। उस समय वहां के पुरोहितों ने लिंग को बचाने के लिए उसे ज्ञानवापी कूप में छिपा दिया था। तत्कालीन कविराज चंद्रभान कश्मीरी ने औरंगजेब को पत्र लिखकर बताया था कि 'ऐ राजा, मंदिर का करिश्मा देख, गिरने के बाद भी इसमें ज्योति है।' औरंगजेब काशी का नाम बदलकर मोहम्मदाबाद रखना चाहता था।
इसके बाद इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने 1777 में काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया। यह मंदिर 30 वर्ग फीट में निर्मित हुआ। इसकी चोटी 51 फीट है। इस मंदिर में पांच मंडप भी महारानी ने ही बनवाए थे। 1853 में पंजाब के राजा रणजीत सिंह ने 22 टन सोने से मंदिर के शिखरों को स्वर्णमंडित करवाया था।
