छठ पर्व का आज दूसरा दिन खरना है। इस दिन व्रत रखने वाले सभी भक्त शाम को सूर्य देव की पूजा करके गुड़ वाली खीर बनाते हैं। इसके साथ खरना की शाम के समय खीर छठी मैया के समक्ष भोग के रूप में लगाई जाती है। फिर व्रत रखने वाले सभी भक्त खीर खाते हैं। खरना के बाद ही सभी भक्त 36 घंटों का निर्जला व्रत रखते हैं। धार्मिक जानकारों के अनुसार, यह व्रत बेहद कठिन है। इसीलिए यह व्रत उन्हीं भक्तों को रखना चाहिए, जो स्वस्थ हों।
छठ पर्व चार दिन का त्योहार है। इस साल 13 नवंबर से लेकर 16 नवंबर तक यह त्योहार मनाया जाएगा। 14 नवंबर को खरना है। अब सवाल उठता है कि खरना के दिन लोगों को किन नियमों का पालन करना चाहिए? आइए जानते हैं।
यह भी पढ़ें: लव लाइफ, नौकरी और कारोबार में कैसा बीतेगा आज का दिन? पढ़ें राशिफल
खरना में कैसे करें पूजा?
इस दिन सुबह उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। उसके बाद पूरे दिन सूर्य देव और छठी मैया की उपासना करें। शाम के समय जब सूर्यास्त होने लगे, तो सूर्य के समक्ष जल अर्पित करें और दीपक दिखाएं। उसके बाद मिट्टी के चूल्हे या साफ गैस पर गुड़ वाली खीर बनाएं।
जब खीर बन जाए, तो भक्तों को छठी मैया के समक्ष खीर, गेहूं के आटे से बनी रोटी और एक फल का भोग लगाना चाहिए। उसके बाद व्रती खीर और रोटी खाएं। व्रती के खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को खीर खानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: खूबसूरती बढ़ाने के लिए हिंदू धर्मग्रंथों में बताए गए हैं मंत्र, समझिए इनका अर्थ
खरना पर क्या करें?
साफ-सफाई का खास ख्याल: छठ महापर्व में भक्तों को घर साफ रखना चाहिए। जब खरना का प्रसाद बन रहा हो, तो इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वहां छोटे बच्चे न आएं। नन्हें बच्चे किसी भी बर्तन को गंदे हाथों से छू सकते हैं। इसी वजह से प्रसाद बनते वक्त बच्चों को वहां न आने दें।
प्रसाद सभी को दें: खरना के प्रसाद का बेहद खास महत्व है। इस वजह से व्रती के खाने के बाद पूरे परिवार को यह प्रसाद खाना चाहिए। इसके अलावा यह प्रसाद आस-पड़ोस के लोगों को भी देना चाहिए।
क्या न करें?
तामसिक खाने से परहेज: छठ महापर्व में लहसुन, प्याज, मांस और मछली से सख्ती से परहेज करना चाहिए।
नमक का इस्तेमाल न करें: खरना का प्रसाद बनाते वक्त नमक का इस्तेमाल न करें। साथ ही व्रती को इस दिन नमक छूने से भी बचना चाहिए।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं
