अनाया बांगड़ को कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी का मौका मिल गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की नई पॉलिसी के तहत वह ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट खेलने के योग्य हैं। अनाया ने एक इंटरव्यू में बताया कि CA ने कन्फर्म किया है कि वह मार्च 2027 से एलीट महिला क्रिकेट में खेल सकती हैं। ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले से अनाया को विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में खेलने का मौका मिल सकता है।

 

टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ की बेटी अनाया ने इस साल मार्च में 'जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेलने का कन्फर्मेशन CA की 'ट्रांसजेंडर एंड जेंडर डाइवर्स प्लेयर्स इन एलीट क्रिकेट पॉलिसी' के तहत मिली है। वह अब ऑस्ट्रेलिया की किसी भी स्टेट या टेरिटरी की प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेल सकती हैं। हालांकि WBBL में जाने के लिए उन्हें खुद को साबित करना होगा और किसी फ्रेंचाइजी का भरोसा जीतना होगा।

 

यह भी पढ़ें: मयंक चक्रवर्ती और प्रतीति बोरदोलोई ने जीता जूनियर एशियन चेस चैंपियनशिप का खिताब

'एक समय लगा क्रिकेट हमेशा के लिए खो दिया है'

अनाया ने ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड के फैसले को भावुक पल बताया। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स से कहा कि एक समय लगा था कि अब वह कभी कॉम्पिटिटिव क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी। अनाया ने बताया, 'अब मैं मार्च 2027 से ऑस्ट्रेलिया में होने वाली WBBL में खेलने के लिए एलिजिबल हो गई हूं। मेरे लिए यह बहुत भावुक पल है, क्योंकि एक समय ऐसा भी था जब मुझे सच में लगा था कि मैंने क्रिकेट हमेशा के लिए खो दिया है।' 

 

उन्होंने आगे कहा, 'बचपन से ही क्रिकेट मेरी पहचान का एक अहम हिस्सा रहा है और ट्रांजिशन के बाद इस खेल से दूर होना मेरे लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक था। उनके मुताबिक, यह सिर्फ किसी विमेंस लीग में शामिल होने का मामला नहीं है, बल्कि उस खेल में लौटने की संभावना है, जिससे वह बहुत प्यार करती हैं।

 

अनाया ने साफ किया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले से उन्हें सिर्फ एलीट महिला क्रिकेट खेलने का मौका मिला है। उन्हें अभी भी अपने प्रदर्शन के दम पर WBBL टीम में जगह बनानी होगी। 

 

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मुझे ऑस्ट्रेलिया में एलीट महिला क्रिकेट खेलने की इजाजत दी है। अब अगली चुनौती है खुद को सबसे अच्छी फिजिकल और कॉम्पिटिटिव फॉर्म में लाना, ताकि कोई WBBL फ्रैंचाइजी मुझे चुने। मुझे अब ट्रेनिंग करनी है, अच्छा खेलना है और वह मौका हासिल करना है।'

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा के अलावा किनसे है गोल्ड की उम्मीदें?

WBBL फ्रेंचाइजी का भरोसा जीतना अगला लक्ष्य - अनाया

अनाया ने बताया कि WBBL में विदेशी खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट और ड्राफ्ट सिस्टम है। ऐसे में उन्हें किसी फ्रैंचाइजी को यह यकीन दिलाना होगा कि वह टीम के लिए योगदान दे सकती हैं।

 

अनाया ने कहा, 'WBBL में विदेशी खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट और ड्राफ्ट सिस्टम होता है, जिसमें क्लब उपलब्ध इंटरनेशनल खिलाड़ियों के पूल से खिलाड़ियों को चुनते हैं, ठीक वैसे ही जैसे IPL या WPL में होता है। तो आखिरकार, मुझे किसी फ्रैंचाइजी को यह यकीन दिलाना होगा कि मैं उनकी टीम के लिए योगदान दे सकती हूं। मेरे लिए इसका मतलब है ऑस्ट्रेलियाई लीग में कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी करना, अपनी बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग और फिटनेस पर काम करना, लगातार ट्रेनिंग करना और यह साबित करना कि मैं उस लेवल पर अच्छा खेल सकती हूं।'

भारत में क्या नियम है?

ऑस्ट्रेलिया के एलीट घरेलू क्रिकेट के लिए एक अलग सिस्टम है, जिसके तहत वे ट्रांसजेंडर महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं, जो एलिजिबिलिटी और टेस्टोस्टेरोन से जुड़े नियमों को पूरा करती हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास ट्रांसजेंडर महिलाओं के लिए कोई स्पष्ट नियम नहीं है। अनाया ने बताया कि उन्हें भारत में कोई साफ रास्ता नहीं मिला और वह किसी और के फैसले का इंतजार करके अपना भविष्य नहीं रोकना चाहती थीं। उन्होंने अपनी सेहत, ट्रांजिशन, प्रदर्शन, साइंटिफिक सबूत और स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन्स से बातचीत पर ध्यान दिया।
 
अनाया ने कहा, 'मैं खुश हूं कि मुझे ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट में वापसी का रास्ता मिला है। मुझे उम्मीद है कि मेरी कहानी से ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के खेल में शामिल होने और उन्हें मौका देने को लेकर आगे चर्चा होगी कि कैसे स्पोर्ट्स बॉडीज ट्रांसजेंडर्स की भागीदारी को निष्पक्षता और इन्क्लूजन के साथ देख सकती हैं।'