तीरंदाजी वर्ल्ड कप स्टेज-4 में भारतीय पुरुष और महिला रिकर्व टीमें क्वार्टर-फाइनल में हार गई हैं। दोनों ही टीमें अपनी ऊंची वरीयता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई और अमेरिका से हारकर बाहर हो गई। धीरज बोम्मादेवरा और कीर्ति शर्मा ने रिकर्व मिक्सड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल प्ले-ऑफ में जगह बनाई है।

 

पिछले महीने अंताल्या वर्ल्ड कप में कुमकुम मोहोद के साथ गोल्ड मेडल जीतने वाले धीरज ने पहली बार कीर्ति के साथ जोड़ी बनाते हुए पहले नीदरलैंड्स को 6-2 और फिर जापान को 5-3 से हराया लेकिन इस दूसरी वरीयता प्राप्त इस जोड़ी को सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ 3-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। ब्रॉन्ज मेडल के प्ले-ऑफ में अब उनका सामना इटली से होगा।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया को मिली पाकिस्तान से भी बुरी हार, मैच के बाद सामने आए शर्मनाक आंकड़े

पृथिका और साहिल की जोड़ी भी हारी

कंपाउंड वर्ग में पृथिका प्रदीप और साहिल जाधव की मिक्स्ड जोड़ी शूट ऑफ में मिगुएल बेसेरा और जिमेना एस्ट्राडा की मैक्सिको की जोड़ी के खिलाफ 153-153 (19-20) से हार गई। अनुभवी और चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी दूसरे दौर में बाहर हो गईं, जबकि एशियन गेम्स की टीम में शामिल यशदीप भोगे शुरुआती दौर में ही हार गए। पुरुष और महिला वर्गों में बाकी छह तीरंदाज अपने-अपने व्यक्तिगत वर्ग में बने हुए हैं।

कंपाउंड वर्ग में मेडल पक्का

भारत ने कंपाउंड वर्ग में पहले ही एक मेडल पक्का कर लिया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि महिला टीम फाइनल में पहुंच गई है। धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे की दूसरी वरीय पुरुष रिकर्व टीम का प्रदर्शन सातवीं वरीय अमेरिकी टीम के खिलाफ खराब रहा और भारतीय टीम सीधे सेट में 0-6 (53-56, 55-59, 56-58) से हार गई। ओलंपिक मेडलिस्ट ब्रैडी एलिसन की अगुवाई वाली अमेरिकी तिकड़ी ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। भारत शुरुआती सेट में सात और आठ के स्कोर के साथ लड़खड़ा गया था। 

 

इसके बाद अमेरिकी टीम ने छह तीरों में से पांच बार परफेक्ट 10 का स्कोर करके 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली और फिर एक और शानदार प्रदर्शन के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। दूसरी ओर अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम की महिला टीम को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद अमेरिकी टीम के खिलाफ 2-6 (52-52, 54-55, 54-54, 51-56) से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड में हर मोर्चे पर नाकाम हुई टीम इंडिया, स्पिनर्स ने किया बेड़ा गर्क

इस वर्ग में भारत के पास मौका

व्यक्तिगत वर्ग में भारत के पास अच्छे मौके हैं। अंताल्या वर्ल्ड कप चैंपियन धीरज को दूसरी वरीयता मिली है और वह आठवें वरीय वाले नीरज चौहान और 26वें वरीय अनुभवी अतनु दास के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगे। महिला वर्ग में उभरती हुई तीरंदाज कीर्ति को चौथी वरीयता मिली है। वह कुमकुम (14वीं) और अंकिता भकत (15वीं) के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगी। सोलहवीं वरीय दीपिका को दूसरे दौर में निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वह शूट-ऑफ में पोलैंड की करीना कोजलोवस्का से 5-6 (9-10)से हार गईं।