Asia Cup Rising Stars 2026 का आगाज 19 नवंबर से हो चुका है। इस बार टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने अपनी A टीमें भेजी हैं। वहीं, नेपाल, UAE और हांगकांग की सीनियर टीमें खेल रही हैं। इस बार मुकाबले 50 ओवर यानी ODI फॉर्मेट में हो रहे हैं। सभी मैच कतर की राजधानी दोहा में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 29 नवंबर को होगा।
भारत A की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी भी हैं। ऐसे में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी। लेकिन इस टूर्नामेंट को लेकर कुछ सवाल भी हैं। जैसे इसका फॉर्मेट क्या है? कौन-सी टीमें किस ग्रुप में हैं? कुछ देश A टीम के साथ आए हैं, जबकि कुछ अपनी सीनियर टीम को लेकर क्यों उतरे हैं?
यह भी पढ़ें: 2018 के बॉल टैंपरिंग कांड की फिर होगी जांच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला
किस फॉर्मेट में खेला जाएगा Asia Cup Rising Stars 2026?
इस टूर्नामेंट में 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में 4 टीमें रखी गई हैं। ग्रुप स्टेज में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। यानी हर टीम को कम से कम तीन मैच खेलने होंगे। ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर और दूसरा 27 नवंबर को खेला जाएगा। दोनों मैच जीतने वाली टीमें 29 नवंबर को फाइनल में भिड़ेंगी। इस तरह पूरे टूर्नामेंट में कुल 15 मुकाबले होंगे।
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, नेपाल, UAE और हांगकांग की टीमें खेल रही हैं। इन्हें दो ग्रुप में रखा गया है।
ग्रुप A: बांग्लादेश A, श्रीलंका A, अफगानिस्तान A और हांगकांग।
ग्रुप B: भारत A, पाकिस्तान A, नेपाल और UAE।
कैसी है भारत A की टीम?
भारत की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। BCCI ने इस टूर्नामेंट के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना है। टीम में कुछ जाने-पहचाने नाम हैं, तो कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।
भारत A की टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान और आयुष बडोनी।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd Day: वेलिंग्टन में दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत ने बनाए 159/1 रन
टूर्नामेंट में भारत की टीम भी 3 लीग मैच खेलेगी। पहला मैच भारत 20 नवंबर को नेपाल के सामने खेलेगी। वहीं दूसरे मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। यह मुकाबला 22 नवंबर को खेला जाना है। भारतीय टीम तीसरा और आखिरी लीग मैच 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम से है।
कुछ देश A टीम तो कुछ सीनियर टीम क्यों भेज रहे हैं?
ध्यान रहे कि टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की A टीमें खेल रही हैं। वहीं नेपाल, UAE और हांगकांग अपनी सीनियर टीम के साथ खेल रहे हैं। इसके पीछे इन देशों के क्रिकेट ढांचे का अंतर है। भारत और पाकिस्तान जैसे देशों में सीनियर टीम के अलावा A टीम भी होती है। इसमें उन खिलाड़ियों को मौका मिलता है, जो घरेलू टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हैं। ऐसे में उस सभी खिलाड़ियों को दूसरे देशों के मजबूत खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है।
वहीं नेपाल, UAE और हांगकांग जैसे एसोसिएट देशों के पास भारत या पाकिस्तान की तरह अलग A टीम का बड़ा सेटअप नहीं है। इसलिए वे अपनी सीनियर राष्ट्रीय टीम को ही टूर्नामेंट में उतार रहे हैं। इससे उनके खिलाड़ियों को भी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने और अनुभव हासिल करने का मौका मिल सकता है।
भारत में फैंस कहां देख सकते हैं मैच?
भारत में Asia Cup Rising Stars 2026 के मैचों का लाइव प्रसारण Sony Sports Network पर किया जा रहा है। दर्शक Sony Sports 1, Sony Sports 2, Sony Sports 3 और Sony Sports 4 पर मुकाबले देख सकते हैं। हिंदी कमेंट्री Sony Sports 3 पर उपलब्ध है। अगर आप मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
