बेंगलुरु FC ने रिकॉर्ड चौथी बार इंडियन सुपर लीग (ISL) के फाइनल में क्वालिफाई कर लिया है। बेंगलुरु FC ने रविवार (6 अप्रैल) की रात FC गोवा को उसके घरेलू मैदान पर दिल तोड़ने वाली हार थमाकर ISL 2024-25 के खिताबी मुकाबले में एंट्री ली। 

 

सुनील छेत्री ने आखिरी पलों में करिश्माई गोल दागा, जिससे उनकी टीम ने दूसरे चरण के सेमीफाइनल में FC गोवा को 3-2 के एग्रिगेट स्कोरलाइन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में FC गोवा ने बेंगलुरु FC को 2-1 से हरा दिया था लेकिन यह फाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं था। बेंगलुरु FC ने बेहतर गोल अंतर के आधार पर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

 

यह भी पढ़ें: कभी नशे के लिए बदनाम गांव 'मिनी ब्राजील' क्यों कहा जाने लगा?

 

 

सुनील छेत्री का निर्णायक गोल

 

बेंगलुरु  FC ने दो चरण वाले सेमीफाइनल के पहले मैच में FC गोवा को 2-0 से हराया था। अनुभवी स्ट्राइकर सुनील छेत्री को निर्णायक गोल करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच का पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद 49वें मिनट में बोर्जा हेरारा ने  FC गोवा को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 (कुल गोल अंतर 1-2) कर दिया। अर्मांडो सादिकु ने इसके बाद 88वें मिनट में इस सीजन के अपने दसवें गोल से टीम की बढ़त को दोगुना करने के साथ कुल गोल अंतर को 2-2 कर दिया। 

 

यह भी पढ़ें: वो भारतीय कोच जिसके जमाने में भारत हुआ करता था फुटबॉल का धुरंधर

 

सुनील छेत्री ने स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+2वें मिनट में बेंगलुरु FC का खाता खोला जिससे टीम वापसी करने में सफल रही। इस गोल से बेंगलुरु FC की कुल बढ़त 3-2 हो गयी। यह मौजूदा सत्र में सुनील छेत्री का 14वां गोल रहा। ISL 2024-25 कप का फाइनल 12 अप्रैल को खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में बेंगलुरु FC की टक्कर मोहन बगान सुपरजायंट और जमशेदपुर FC के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के विजेता से होगी।

 

(PTI इनपुट के साथ)