उज्बेकिस्तान के समरकंद में हो रहे चेस ओलंपियाड में भारत ने बड़ा फैसला लिया है। टीम इंडिया के कोच ग्रैंडमास्टर श्रीनाथ नारायणन ने ओपन सेक्शन में वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को बोर्ड नंबर-4 पर खिलाने का निर्णय किया है। आर प्रज्ञानानंदा टॉप बोर्ड पर खेलेंगे। वहीं अर्जुन एरिगैसी नंबर-2 पर, जबकि निहाल सरीन बोर्ड 3 पर खेलेंगे। 

 

गुकेश पिछले दो ओलंपियाड में बोर्ड 1 पर खेले थे और दोनों बार गोल्ड मेडल जीते थे लेकिन फॉर्म में आई गिरावट के बाद अब उन्हें बोर्ड 4 पर खेलने के लिए कहा गया है। वर्ल्ड चैंपियन होने के नाते गुकेश का टॉप बोर्ड पर खेलने का दावा बनता था लेकिन प्रज्ञानानंदा की फॉर्म को देखते हुए उन्हें तरजीह दी गई। प्रज्ञानानंदा ने हाल ही में नॉर्वे चेस और ग्रैंड चेस टूर फाइनल जीता था। 

 

बता दें कि अगस्त 2026 की रेटिंग लिस्ट के अनुसार, अर्जुन एरिगैसी भारत के टॉप रेटेड खिलाड़ी थे लेकिन उन्हें बोर्ड 2 पर ही खिलाने का फैसला किया गया। अनुभवी विदित गुजराती को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें: विदेश में नहीं भारत में होगा IPL 2027 का ऑक्शन, इम्पैक्ट प्लेयर नियम बदेलगा?

इसके क्या मायने क्या हैं?

टॉप बोर्ड पर खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए सम्मान की बात होती है। इतना ही नहीं ओलंपियाड में हर विरोधी देश के टॉप खिलाड़ी का सामना करने को मिलता है। गुकेश को बोर्ड नंबर-4 पर खिलाने का मतलब है कि उन्हें उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिलेगा। 

 

इस साल नवंबर-दिसंबर में वर्ल्ड चैंपियनशिप में गुकेश को सिंदारोव का ही सामना करना है। सिंदारोव 2026 FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गुकेश के चैलेंजर बने हैं। उज्बेकिस्तान ने ओलंपियाड में सिंदारोव को बोर्ड 2 पर रखा है।

 

गुकेश का सामना चीन के डिंग लिरेन से भी नहीं हो पाएगा। उन्होंने 2024 में लिरेन को ही हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब जीता था। गुकेश और लिरेन का आमना-सामना इसलिए नहीं हो पाएगा, क्योंकि चीन ने लिरेन को टॉप बोर्ड पर रखा है।

 

यह भी पढ़ें: IND vs AFG 3rd T20: क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, वैभव खेलेंगे?

लिरेन-सिंदारोव से गुकेश का सामना क्यों नहीं हो सकता?

ओलंपियाड में नियम यह है कि खिलाड़ी केवल एक स्थान ऊपर जा सकते हैं। अगर किसी टीम के टॉप बोर्ड के खिलाड़ी को किसी मुकाबले में आराम दिया जाता है तो निचले बोर्ड के खिलाड़ी एक स्थान ऊपर बोर्ड पर खेल सकते हैं। यानी प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगैसी और निहाल सरीन में से कोई एक खिलाड़ी किसी राउंड में नहीं खेलेगा, तो गुकेश भारत के लिए बोर्ड 3 से खेलेंगे। मगर फिर भी लिरेन-सिंदारोव से उनका सामना नहीं हो सकता, क्योंकि ये दोनों खिलाड़ी क्रमश: पहले और दूसरे बोर्ड पर खेलेंगे।