पुर्तगाली स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर में पहली बार FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में गोल किया है। उन्होंने क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पेनल्टी किक पर गोल दागा। रोनाल्डो इसके साथ ही नॉकआउट में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उन्होंने लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ा। मेसी ने इसी वर्ल्ड कप में यह रिकॉर्ड कायम किया था। रोनाल्डो के अलावा गोनकालो रामोस ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में गोल किया, जिससे पुर्तगाल ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए क्रोएशिया को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्रोएशिया ने 53वें मिनट में इवान पेरिसिच के गोल से बढ़त बनाई थी, जो उन्होंने जोसिप सानिसिच के क्रॉस पर किया था। रोनाल्डो ने 68वें मिनट में पेनल्टी किक पर गोल दाग पुर्तगाल को बराबरी दिलाई। हालांकि पुर्तगाल की जीत के असली नायक रामोस रहे, जिन्होंने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में तब गोल किया, जब लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय तक खिंच जाएगा। क्रोएशिया ने आखिरी पलों में स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया था लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद मारियो पासालिच को ऑफसाइड करार दिया गया और गोल अमान्य हो गया। इसके बाद क्रोएशिया के फैंस ने बवाल भी काटा।
यह भी पढ़ें: तिलक वर्मा को रास नहीं आ रहा लीडरशिप रोल, ऋषभ पंत जैसा होगा हाल?
यह भी पढ़ें: क्रिकेट कैसे बनेगा ग्लोबल खेल? रविचंद्रन अश्विन ने बताया पूरा रोडमैप
स्पेन से भिड़ेगा पुर्तगाल
पुर्तगाल का राउंड ऑफ 16 में स्पेन से सामना होगा। स्पेन ने ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। मिकेल ओयार्जाबल के दो गोल की मदद से स्पेन ने 2010 में चैंपियन बनने के बाद पहली बार नॉकआउट राउंड में कोई मैच जीता। ओयार्जाबल ने 36वें और 89वें मिनट में गोल किए। पेड्रो पोरो ने 66वें मिनट में गोल किया, जिससे स्पेन मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक का अपना सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करने में सफल रहा। उसने गेंद पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और अपने आक्रामक और कलात्मक खेल का अच्छा नमूना पेश किया।
स्पेन के खिलाफ इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी गोल नहीं हुआ है। ऑस्ट्रिया की टीम गोल पर एक भी शॉट नहीं लगा पाई। इस तरह से स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन लगातार चौथे मैच में क्लीन शीट (मैच में कोई गोल नहीं खाना) हासिल करने में सफल रहे। युवा स्ट्राइकर लामिन यामल भले ही गोल नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। स्पेन ने गोल पर 10 शॉट मारे, जिनमें से 4 शॉट इस 18 साल के खिलाड़ी ने जमाए।


