इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। रविवार (26 अप्रैल) को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए दोपहर के मुकाबले में GT ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए CSK को 158/7 के स्कोर पर रोका और फिर इस टारगेट को 16.4 ओवर में ही लांघ दिया। GT की इस धमाकेदार जीत के हीरो कैगिसो रबाडा और साई सुदर्शन रहे।
यह भी पढ़ें: राशिद खान की मैजिक पर अब नहीं रहा भरोसा, शुभमन गिल ने सिर्फ 1 ओवर दी बॉलिंग
पांचवें नंबर पर पहुंची GT
रबाडा ने CSK की पारी के चौथे ओवर में संजू सैमसन (11) और उर्विल पटेल (4) के विकेट लेकर उसकी शुरुआत खराब कर दी थी। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने अगले ओवर में सरफराज खान (0) के रूप CSK को तीसरा झटका दिया। इन झटकों से CSK की पारी लड़खड़ा गई और वह बड़े टोटल तक नहीं पहुंच सकी। रबाडा ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। सिराज ने 4 ओवर में 23 रन दिए। उनके खाते में एक सफलता रही।
अपेक्षाकृत छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी GT को सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने 6.3 ओवर में 58 रन की साझेदारी कर GT का रन चेज आसान कर दिया। गिल 23 गेंद में 33 रन बनाकर नूर अहमद की गेंद पर स्टंप आउट हुए। उनके जाने के बाद सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ मिलकर GT को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
सुदर्शन 46 गेंद में 87 रन की पारी खेलकर उस समय आउट हुए, जब GT को जीत के लिए महज 4 रन ही चाहिए थे। इसके बाद बटलर ने छक्के के साथ मैच खत्म किया और चेपॉक में CSK के खिलाफ GT को पहली जीत दिलाई। उन्होंने 30 गेंद में नाबाद 39 रन बनाए। इस जीत के साथ GT पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है, जबकि CSK अब छठे पायदान पर आ गई है।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन पर टिकी है CSK, एक बल्लेबाज आखिर कितने मैच जिताएगा?
CSK की बैटिंग-बॉलिंग दोनों ही नहीं चली
अपने घरेलू मैदान पर CSK 14 ओवर में 4 विकेट खोकर 75 रन ही बना सकी थी। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 74 रन) ने गियर बदला और CSK को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन गेंदबाज उस टोटल का बचाव नहीं कर सके। मुंबई इंडियंस के खिलाफ घातक गेंदबाज करने वाले अकील हुसैन ने 3.4 ओवर में 46 रन दिए। वहीं जेमी ओवरटन ने 2 ओवर में 28 रन दिए। गुरजपनीत सिंह को 3 ओवर में 36 रन पड़े।
