डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु और मेंस कैटेगरी में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन को मंगलवार से शुरू हो रहे 950,000 अमेरिकी डॉलर इनामी डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले राउंड में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। सिंधु का सामना पहले राउंड में वर्ल्ड नंबर-1 और मौजूदा चैंपियन एन से यंग से होगा। लक्ष्य को भी मेंस कैटेगरी के पहले राउंड में तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन की चुनौती से पार पाना होगा।
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन सिंधु का पिछले कुछ समय में प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को इस बात की चिंता होगी कि उन्हें एन से यंग खिलाफ अपने पिछले सभी 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। लक्ष्य का भी पिछले दो सालों में प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वह हाल में पीठ की चोट से भी परेशान रहे हैं। उन्हें अगर चोउ के खिलाफ जीत हासिल करनी है तो अपना बेस्ट देना होगा।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी के पहले दिन जडेजा-शमी का जलवा, बाकी स्टार प्लेयर्स का क्या हाल रहा?
आयुष शेट्टी की ऐसी है राह
मेंस सिंगल्स में भाग लेने वाले एक अन्य भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। पहले राउंड में उनका सामना इंडोनेशिया के अलवी फरहान से होगा, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें हराया था। किदाम्बी श्रीकांत फ्रांस के अर्नाउड मर्कल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
भारत की तरफ से विमेंस कैटेगरी में तन्वी शर्मा, अश्मिताा चालिहा, देविका सिहाग और उन्नति हुड्डा भी चुनौती पेश करेंगी। तन्वी का पहला मुकाबला जापान की नात्सुकी निदैरा से, जबकि अश्मिता का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। देविका थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी, जबकि उन्नति का सामना चीन की हान कियान शी से होगा।
यह भी पढ़ें: उदयवीर सिद्धू ने ISSF वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड, 10 मीटर एयर पिस्टल में किया कमाल
सात्विक-चिराग का सामने चीनी जोड़ी की चुनौती
मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी एशियन गेम्स में पहले राउंड में मिली हार से उबरने की कोशिश करेंगे। भारत की यह पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी अपना पहला मैच चीन की हे जी टिंग और रेन जियांग यू के खिलाफ खेलेगी। विमेंस डबल्स में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। उनका पहला मुकाबला चीनी ताइपे के यान फी चेन और ह्सिएह पेई शान से होगा। विमेंस डबल्स में ही रुतापर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा का मुकाबला चीन की बाओ ली जिंग और काओ जी हान की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा।
