दलीप ट्रॉफी 2026 ईस्ट जोन की टीम के लिए बेहद खास रही। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच 6 से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने भी खूब चर्चा बटोरी। आपको बता दें कि फाइनल मैच ड्रॉ हो गया था लेकिन पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

 

ईस्ट जोन की जीत के हीरो ईशान किशन रहे। उन्होंने पहली पारी में डबल सेंचुरी और दूसरी पारी में 80 रन बनाए। हालांकि, मैच का आखिरी दिन ईस्ट जोन के मोहम्मद कौनैन कुरैशी के नाम रहा, जिन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 116 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: Duleep Trophy: ईशान किशन से लेकर शिखर मोहन तक, झारखंड से निकल रहे धांसू बल्लेबाज

फाइनल मैच में क्या क्या हुआ?

फाइनल मैच में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने लगातार दो दिन बल्लेबाजी की और 163 ओवर में 708 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ईस्ट जोन की ओर से ईशान किशन ने 270 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने 101 और शिखर मोहन ने 85 रन बनाए। साउथ जोन की तरफ से त्रिपुराना विजय ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। चामा वी मिलिंद और श्रेयस गोपाल को 2-2 विकेट मिले, जबकि शेख रशीद ने 1 विकेट अपने नाम किया।

 

इसके बाद साउथ जोन ने पहली पारी में 107.3 ओवर बल्लेबाजी की और 336 रन पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। इस दौरान तिलक वर्मा शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए और 99 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 62 रन और चामा वी मिलिंद ने 43 रन बनाए। ईस्ट जोन की गेंदबाजी की बात करें तो मुकेश कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी, मोहम्मद कौनैन कुरैशी और शीखर मोहन को 2-2 विकेट मिले।

 

ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 99.2 ओवर बल्लेबाजी की और 7 विकेट के नुकसान पर 388 रन बनाए। इसके बाद टीम ने पारी घोषित कर दी। पारी घोषित होने के बाद मैच ड्रॉ हो गया, लेकिन पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। ईस्ट जोन की दूसरी पारी में मोहम्मद कौनैन कुरैशी ने सबसे ज्यादा 116 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने 80 रन और शीखर मोहन ने 52 रन की पारी खेली। वहीं, साउथ जोन की ओर से एमडी निधीश ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, त्रिपुराना विजय, शेख रशीद और चामा वी मिलिंद को 1-1 विकेट मिला।

 

अपडेट जारी है...