दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन ने सितारों से सजी वेस्ट जोन को 52 रन से हरा दिया है। आबिद मुश्ताक ने दूसरी पारी में भी घातक गेंदबाजी की और 4 विकेट झटक वेस्ट जोन को 234 पर ढेर कर दिया। इस जीत के साथ नॉर्थ जोन ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उसने 287 रन का टारगेट रखा था, जिसका पीछा करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली वेस्ट जोन की टीम ने तीसरे दिन स्टंप्स तक 7 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए थे।
वेस्ट जोन को जीत के लिए 67 रन चाहिए थे और उसके पास सिर्फ 3 विकेट ही बचे हुए थे। उसकी उम्मीदें उर्विल पटेल पर टिकी थीं, जो 17 रन बनाकर नाबाद थे। मुकाबले के आखिरी दिन (26 अगस्त) की शुरुआत में ही आबिद मुश्ताक ने 2 विकेट लेकर वेस्ट जोन के आरमानों पर पानी फेर दिया। इसके बाद निशांत सिंधु ने उर्विल पटेल (25) को LBW आउट कर वेस्ट जोन की पारी समेटी। नॉर्थ की टीम अब सेमीफाइनल में साउथ जोन से भिड़ेगी।
यह भी पढ़ें: अनाया बांगड़ की क्रिकेट में वापसी, ऑस्ट्रेलिया में खेलेंगी, WBBL में मिलेगा मौका
आबिद मुश्ताक ने झटके 9 विकेट
बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ग्राउंड-1 में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी नॉर्थ जोन की टीम 251 रन पर सिमट गई थी। तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे ने 4-4 विकेट झटके। वेस्ट जोन के पास पृथ्वी शॉ, मुशीर खान, ऋतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल जैसे बल्लेबाज थे, जिससे लगा कि वह अपनी पहली पारी में विशाल स्कोर बनाएगी और बड़ी बढ़त हासिल करेगी लेकिन आबिद मुश्ताक ने 5 विकेट लेकर उसे 187 पर ही ढेर कर दिया। अर्शदीप सिंह ने आबिद का अच्छा साथ देते हुए 3 विकेट निकाले। अंशुल कम्बोज ने 2 विकेट झटके।
नॉर्थ जोन को 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। उसने आयुष बदोनी (50) और निशांत सिंधु की बेहतरीन पारियों की मदद से दूसरी पारी में 222 रन बनाए और वेस्ट जोन को 287 रन का लक्ष्य दिया। इसका पीछा करते हुए वेस्ट जोन ने एक समय 3 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए थे और वह जीत की ओर मजबूती से बढ़ती दिख रही थी लेकिन कप्तान गायकवाड़ (66) के रन आउट होते ही कहानी बदल गई। वेस्ट जोन ने अगले 25 रन बनाने में 3 विकेट और खो दिए, जिससे देखते ही देखते उसका स्कोर 220/7 हो गया। मुशीर खान (96) भी आउट हो चुके थे।
यह भी पढ़ें: मयंक चक्रवर्ती और प्रतीति बोरदोलोई ने जीता जूनियर एशियन चेस चैंपियनशिप का खिताब
वेस्ट जोन की आखिरी उम्मीद अब उर्विल पटेल थे लेकिन आबिद मुश्ताक ने दूसरे छोर से लगातार विकेट लेकर नॉर्थ जोन की जीत तय सुनिश्चित कर दी। जम्मू-कश्मीर के इस लेफ्ट आर्म स्पिनर ने मैच में कुल 9 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
