इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर उलटफेर का शिकार होते-हाते बच गया। रविवार (8 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ उसे महज 4 रन से जीत मिली। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में नेपाल की टीम 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन तक पहुंच गई थी।

 

नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 10 रन चाहिए थे। सेट बल्लेबाज लोकेश बाम के क्रीज पर रहते नेपाल की टीम आसानी से जीतती दिख रही थी लेकिन सैम करन ने 20वें ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को शर्मसार होने से बचा लिया। अगर इंग्लैंड यह मैच गंवाता तो यह पहली बार नहीं होता जब टी20 वर्ल्ड कप में उसे एसोसिएट टीम के हाथों उलटफेर का सामना करना पड़ता। इंग्लैंड इस टूर्नामेंट के इतिहास में 3 बार उलटफेर का शिकार हो चुका है।

 

यह भी पढ़ें: आखिर झुक ही गया पाकिस्तान, भारत के साथ खेलने के लिए हुआ तैयार!

2009 में नीदरलैंड्स ने दी थी शिकस्त

टी20 वर्ल्ड कप 2009 के पहले मुकाबले में इंग्लैंड के सामने नीदरलैंड्स की चुनौती थी। इंग्लिश टीम यह मुकाबला अपने घर में खेल रही थी। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक स्टेडियम में मैच शुरू होने से पहले ही इंग्लैंड को जीता हुआ मान लिया गया था लेकिन नीदरलैंड्स ने वर्ल्ड क्रिकेट को हैरान कर दिया।

 

डच टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और इंग्लैंड को 162/5 के स्कोर पर रोक दिया। उस समय के हिसाब से यह चुनौतीपूर्ण टारगेट था लेकिन नीदरलैंड्स के हौसलों के सामने यह छोटा पड़ गया। नीदरलैंड्स ने टॉम डी ग्रूथ की 30 गेंद में 49 रन की मदद से सनसनीखेज जीत दर्ज की। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में डच टीम 4 विकेट से विजयी रही।

 

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को दी करारी शिकस्त, टिम साइफर्ट की तूफानी फिफ्टी

2014 में फिर हारे अंग्रेज

बांग्लादेश की मेजबानी में हुए 2014 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के सामने एक बार फिर नीदरलैंड्स की चुनौती थी। चटगांव में हुए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर नीदरलैंड्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 133 रन बनाए। इसके जवाब में एलेक्स हेल्स, ईयोन मोर्गन और जोस बटलर जैसे बल्लेबाजों से सजी इंग्लैंड की टीम 88 रन पर ही सिमट गई। मुदस्सर बुखारी और लोगन वैन बीक ने 3-3 विकेट लेकर उसका पुलिंदा बांध दिया।

चैंपियन बनने से पहले इस टीम से हारा इंग्लैंड

इंग्लैंड ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था लेकिन उसे टूर्नामेंट के 20वें मैच में आयरलैंड के हाथों शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आयरलैंड ने 19.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 157 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने 86 रन तक पहुंचते-पहुंचते 5 विकेट गंवा दिए।

 

मोईन अली और लियम लिविंगस्टोन उसकी पारी को संभालने की कोशिश में लगे हुए थे, तभी बारिश आ गई। 14.3 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 105/5 था। DLS मेथड के अनुसार इंग्लैंड की टीम 5 रन से पीछे थी। बारिश का खलल जारी रहा और उसे एक और यूरोपियन टीम से हार का सामना करना पड़ा। ध्यान देने वाली बात है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इंग्लैंड की टीम किसी यूरोपियन टीम को कभी भी नहीं हरा पाई है।