ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा। बुधवार (20 फरवरी) को न्यूजीलैंड के खिलाफ 321 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाक टीम महज 260 रन पर ढेर हो गई और 60 रन से मुकाबला हार गई। इस बड़ी हार के बाद डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। उनके लिए अब 'करो या मरो' की स्थिति हो गई है।
पाकिस्तान का अगला मैच 23 फरवरी को भारत से है। इस महामुकाबले से पहले पाकिस्तान को करारा झटका लगा है। अनुभवी ओपनर फखर जमान चोट के चलते चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। फखर को न्यूजीलैंड के खिलाफ फील्डिंग के दौरान चोट लग गई थी। उनकी जगह पाकिस्तान टीम में इमाम उल हक की एंट्री हुई है। इमाम और बाबर आजम बेहद करीबी दोस्त हैं। अब दोनों भारत के खिलाफ पारी की शुरुआत करते दिख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पहला ही मैच हारा पाकिस्तान, अब कैसे पूरा होगा जीत का सपना?
पाकिस्तान चोट से परेशान
फखर जमान खुद सईम अयूब के रिप्लेसमेंट के तौर पर पाकिस्तान की टीम में आए थे। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले सईम अयूब साउथ अफ्रीका दौरे पर चोटिल हो गए। ऐसे में उनकी जगह फखर जमान की वापसी हुई। अब फखर भी चोटिल होकर बाहर हो गए हैं। बाएं हाथ के इस धाकड़ ओपनर ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। फखर ने टीम इंडिया के खिलाफ फाइनल में ताबड़तोड़ 141 रन की पारी खेली थी।
इमाम ने लंबे समय से नहीं खेला ODI
इमाम उल हक को वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान पाकिस्तान की प्लेइंग-XI से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद से उन्होंने कोई ODI नहीं खेला है। हाल ही में वह चैंपियंस ट्रॉफी के वार्म-अर्प मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान शाहीन्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे। 17 फरवरी को कराची में खेले गए इस मुकाबले में इमाम ने नंबर तीन पर आकर 94 गेंद में 98 रन की पारी खेली थी। वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे थे। उन्होंने अब तक अपने वनडे इटंरनेशनल करियर में 72 मैच खेले हैं, जिसमें 48.27 की औसत और 82.55 के स्ट्राइक रेट से 3138 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 20 अर्धशतक और 9 शतक निकले हैं।
यह भी पढ़ें: मुफ्त में कैसे देखें ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025? यहां जानें
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान का अपडेटेड स्क्वॉड- मोहम्मद रिजवान (कप्तान), इमाम उल हक, बाबर आजम, सऊद शकील, सलमान आगा, तैयब ताहिर, खुशदिल शाह, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद, कामरान गुलाम, फहीम अशरफ, मोहम्मद हसनैन, उस्मान खान