भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज चल रही है। टीम इंडिया ने धर्मशाला और लखनऊ में आसान जीत दर्ज कर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज भारतीय कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के लिए खास रहा है। दोनों ने इस सीरीज के दौरान वनडे इंटरनेशनल में 3000 रन के आंकड़े को पार किया है। 

 

शुभमन ने धर्मशाला में अपनी नाबाद 84 रन की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की थी, तो श्रेयस ने लखनऊ में इस मुकाम को छुआ। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस बुधवार (18 जून) को लखनऊ वनडे में भले ही 26 रन ही बना सके लेकिन उन्होंने 3000 ODI रन पूरे कर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।

 

यह भी पढ़ें: कांगो से नहीं जीत पाया पुर्तगाल, FIFA वर्ल्ड कप में बड़ी टीमों का क्या हाल है?

श्रेयस इस मामले में दूसरे सबसे तेज

शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने के लिए 62 पारियां खेली थीं। पारियों के लिहाज से इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। ओवरऑल बात करें तो हाशिम अमला (57 पारियां) के बाद उनका नाम है। श्रेयस अय्यर ने 3000 ODI रन तक पहुंचने के लिए 72 पारियां ली हैं। पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को भी इतनी ही पारियां लगी थीं। भारत के लिए सबसे तेज 3000 रन बनाने के मामले में श्रेयस और शिखर संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।

ODI में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय (पारियों के हिसाब से)

  • शुभमन गिल - 62 पारियां
  • शिखर धवन - 72 पारियां
  • श्रेयस अय्यर - 72
  • विराट कोहली - 75 पारियां
  • केएल राहुल - 78 पारियां
  • नवजोत सिंह सिद्धू - 79 पारियां  

यह भी पढ़ें: किस विवाद में घिरे तिलक वर्मा-मोहम्मद सिराज, क्यों जारी हुआ कानूनी नोटिस?

गेंदों के हिसाब से कौन आगे है?

वनडे क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाजों को देखें तो यहां भी शुभमन और श्रेयस के बीच करीबी मामला रहा। कपिल देव 2995 गेंद में इस उपलब्धि को हासिल कर नंबर-1 भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके बाद शुभमन और श्रेयस का नाम है। 3000 ODI रन पूरे करने के लिए शुभमन ने जहां 3016 गेंदें लीं, वहीं श्रेयस ने 3049 गेंदें खेलीं। विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग (3164 गेंद) इस लिस्ट चौथे पायदान पर हैं।

ODI में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय (गेंदों के हिसाब से)

  • कपिल देव - 2995 गेंदें
  • शुभमन गिल - 3016 गेंदें
  • श्रेयस अय्यर - 3049 गेंदें
  • वीरेंद्र सहवाग - 3164 गेंदें