फ्रांस ने लगातार तीसरी बार FIFA वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उसने मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम-4 का टिकट कटाया। किलियन एमबापे ने पहले हाफ में पेनल्टी किक मिस करने के बाद दमदार वापसी की एक गोल और एक असिस्ट किया, जिससे मोरक्को का लगातार दूसरे सेमीफाइनल का सपना चकनाचूर हो गया। फ्रांस की तरफ से ओस्मान डेम्बेले ने दूसरा गोल किया। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला मंगलवार को डलास में स्पेन या बेल्जियम से होगा।
एमबापे का 60वें मिनट में किया गया गोल उनके वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल था। वह अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे रह गए हैं। डेम्बेले ने 66वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पांचवां गोल किया। कतर में 2022 में खेले गए सेमीफाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को इसी अंतर से हराया था। फ्रांस अब लगातार तीन वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाला तीसरा देश बनने की दहलीज पर है।
दूसरे हाफ में एमबापे का तूफान
बोस्टन स्टेडियम में हुए इस क्वार्टर-फाइनल मुकाबले के पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका था। दूसरे हाफ में एमबापे का तूफान देखने को मिला। मोरक्को के गेंद को क्लियर करने में नाकाम रहने के बाद एमबापे ने दूर वाले पोस्ट के ठीक अंदर सटीक शॉट लगाकर अपना गोल दागा। उन्होंने बॉक्स के ठीक बाहर गेंद हासिल की और फिर कुछ कदम आगे बढ़कर उसे नेट में डाल दिया। फ्रांस ने दूसरा गोल तब किया, जब एमबापे ने पास लिया और उसे वापस डेम्बेले की तरफ भेजा। एमबापे आगे बढ़ते रहे और डिफेंडर भी उनके साथ चले गए। इससे डेम्बेले को गोल करने का मौका मिल गया।
यह भी पढ़ें: बेबस हो गई है टीम इंडिया, चौथे T20 में इंग्लैंड ने 9 विकेट से रौंद दिया
फ्रांस ने टारगेट पर लगाए 8 शॉट
मैच के दौरान गोल पर शॉट मारने के मामले में फ्रांस 21-4 से आगे और टारगेट पर शॉट लगाने के मामले में 8-1 से आगे रहा। पहला शॉट भी एमबापे ने ही चौथे मिनट में लगाया था, जो गोल के दाहिनी ओर से थोड़ा बाहर चला गया। फिर 25वें मिनट में जब वह बाईं ओर से आगे बढ़ रहे थे तो बॉक्स के अंदर मोरक्को के डिफेंडर नौसेर मजराउई ने उन्हें गिरा दिया। इससे फ्रांस को पेनल्टी मिल गई लेकिन एमबापे का दाहिने कोने की ओर मारा गया शॉट गोलकीपर यासीन बोनू ने सही दिशा का अनुमान लगाकर रोक लिया।
मोरक्को को गोल करने का सबसे अच्छा मौका हाफ टाइम की सीटी बजने से ठीक पहले मिला, जब अशरफ हकीमी ने बॉक्स के बाहर से एक फ्री किक मारी जो दाहिने पोस्ट के पास से निकल गई। फ्रांस के पास अब ब्राजील और वेस्ट जर्मनी की तरह लगातार तीन वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का मौका है।
यह भी पढ़ें: 92 साल तक किसी ने नहीं पूछा, अब लॉर्ड्स में कैसे हो रहा है महिला टेस्ट?
एमबापे को लगी टखने में चोट
एमबापे ने इस वर्ल्ड कप में अपना आठवां गोल करने के बाद अपनी बाहें फैलाकर चारों ओर चक्कर लगाया। बाद में चोट लगने की आशंका के चलते मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने स्टेडियम में मौजूद फ्रांस के फैंस का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस स्टार स्ट्राइकर के दाहिने टखने में चोट गई थी। मोरक्को के डिफेंडर ने एमबापे को जोरदार टक्कर मारी थी, जिसके लगभग 13 मिनट बाद, 76वें मिनट में वह मैदान पर गिर पड़े और फिर उन्हें सबस्टिट्यूट कर दिया गया। बेंच पर पहुंचकर उन्होंने अपने दाहिने टखने पर बर्फ की पट्टी लगा रखी थी लेकिन मैच खत्म होने के बाद वह अपने साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाने के लिए दौड़ते नजर आए। एमबापे ने मैच के बाद कहा कि वह ठीक हैं।
