एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में होना है। भारतीय हॉकी टीम के 4 अनुभवी खिलाड़ियों मनदीप सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा के लिए यह आखिरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट हो सकता है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, जालंधर और मोहाली में होने वाले इस टूर्नामेंट के बाद इन खिलाड़ियों को भारतीय टीम से विदाई दी जा सकती है। 

 

हॉकी इंडिया के सूत्रों से PTI ने रिपोर्ट किया है कि 2028 में होने वाले लॉस एंजेलिस ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए टीम में युवा खिलाड़ियों को शामिल करने और उन्हें तैयार करने की जरूरत है। इसी के चलते इन चार अनुभवी खिलाड़ियों के इंटरनेशनल करियर को विराम देने पर विचार किया गया है। हॉकी इंडिया के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, 'हां, चयनकर्ताओं के बीच इस विषय पर कुछ समय से चर्चा चल रही है, क्योंकि हमें लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए युवा खिलाड़ियों को मौका देकर उन्हें तैयार करना है।'

 

सूत्र ने आगे बताया, 'इन चारों खिलाड़ियों ने लंबे समय तक देश की सेवा की है लेकिन अब नए खिलाड़ियों को मौका देने का समय है। हम भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए आभारी हैं।'

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े युवराज सिंह, असिस्टेंट और बैटिंग कोच की मिली जिम्मेदारी

कैसा रहा है इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन?

स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने भारत के लिए 301 मुकाबले खेल हैं और इंटरनेशनल हॉकी महासंघ (FIH) के आंकड़ों के अनुसार इस 31 साल के खिलाड़ी के नाम 128 गोल है। उनके नाम 11 हैट्रिक भी दर्ज है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मनदीप भारतीय हॉकी के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे हैं। उनके खाते में दो ओलंपिक ब्रॉन्ज, एशियन गेम्स में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल सहित कई बड़ी उपलब्धियां दर्ज हैं। 

 

30 वर्षीय डिफेंडर जरमनप्रीत सिंह ने भारत के लिए 171 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 8 गोल किए हैं। वह भारतीय टीम की रक्षापंक्ति के अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। जरमनप्रीत 2024 पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वह 2022 और 2026 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीमों में भी शामिल रहे। उन्होंने 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का भी प्रतिनिधित्व किया था। 

 

यह भी पढ़ें: भारतीय टीम पावरप्ले में भारी... वेस्टइंडीज के कोच ने मानी श्रेयस ब्रिगेड की ताकत

 

अमित रोहिदास ने भारत के लिए 257 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 38 गोल किए हैं। पेनल्टी कॉर्नर के दौरान विपक्षी टीम के ड्रैग फ्लिक को रोकने के लिए भारतीय टीम के शुरुआती डिफेंडरों में इस 33 साल के खिलाड़ी की अहम भूमिका रही है। रोहिदास ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। वह 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम और 2022 तथा 2026 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी रहे। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम का भी हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व किया था। 

 

नीलकांत शर्मा ने भारत के लिए 162 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और 19 गोल किए हैं। मणिपुर के रहने वाले इस 31 वर्षीय मिडफील्डर ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह 2022 और 2026 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीमों में भी शामिल रहे। हॉकी इंडिया के सूत्रों के मुताबिक टीम में बदलाव की प्रक्रिया को सुचारु बनाने और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।