भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू हो रही है। इससे पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर्षित को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब के दौरान नई चोट लग गई है, जिससे उनकी वापसी में अब देरी होगी। हर्षित के एशियन गेम्स में भी खेलने पर संशय है।

एशियन गेम्स से भी हो सकते हैं बाहर

हर्षित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 के बाद से बाहर चल रहे हैं। इस 24 साल के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर को अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी थी। वह वापसी की राह पर थे। मगर खबरें हैं कि उन्हें CoE में एक नहीं चोट लग गई है। यह कैसी चोट है, इस बारे में पता नहीं चल पाया है। हर्षित का एशियन गेम्स 2026 में भी खेलना मुश्किल हो गया है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: भारत के मेडल की उम्मीदों को लगा झटका, रेसलर दीपक डोपिंग में फंसे

 

जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 28 सितंबर को करेगी। इसमें अभी भी काफी वक्त बचा है लेकिन टीम मैनेजमेंट हर्षित को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहेगा। हर्षित को घुटने की सर्जरी के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भेजा गया था। जब वह 4 मैचों में बॉलिंग करने के बाद ही चोटिल हो गए, तब सवाल उठे थे कि क्या यह तेज गेंदबाज पूरी तरह से फिट नहीं था? या फिर उनकी पूरी फिटनेस रिपोर्ट टीम मैनेजमेंट के पास नहीं थी? भारतीय टीम इस बार हर्षित को लेकर जोखिम लेने के बजाय उनके पूरी तरह ठीक होने का इंतजार कर सकती है।

 

यह भी पढ़ें: देहरादून टी20 लीग: सेलाकुई स्ट्राइकर्स बनी चैंपियन, मसूरी थंडर्स को रौंदा

रेड्डी-सुंदर की फिटनेस का क्या है अपडेट?

नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर भी अपडेट सामने आया है। ये दोनों युवा ऑलराउंडर अफगानिस्तान सीरीज के लिए उपलब्ध रह सकते हैं। रेड्डी गुरुवार (10 सितंबर) को CoE से फिटनेस क्लीयरेंस लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले हैं। वह क्वाड्रिसेप्स इंजरी से उबर चुके हैं। वहीं सुंदर भी हैमस्ट्रिंग इंजरी से उबर गए हैं। सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का गुरुवार को फिटनेस टेस्ट होना है।