पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार (13 मार्च) को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान के ऑलराउंडर हुसैन तलत अपना कंधा चोटिल कर बैठे। हुसैन तलत को यह चोट फील्डिंग के दौरान लगी। वह चौका रोकने के प्रयास में बाउंड्री लाइन के पास विज्ञापन बोर्ड से टकरा गए, जिससे उनका बायां कंधा बुरी तरह से चोटिल हो गया। उन्हें स्ट्रेचर से मैदान से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

PCB ने जारी किया बयान

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 274 रन का स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने छठे ओवर में मोहम्मद वसीम जूनियर की गेंद को ऑफ साइड में पंच किया। हुसैन तलत चौका रोकने के लिए कवर बाउंड्री की ओर दौड़े। जब गेंद बाउंड्री के पास पहुंचती तो उन्होंने उसे मैदान में वापस खींचना चाहा लेकिन गेंद को छूते ही उनका पैर फोम पर पड़ गया। इसके बाद वह विज्ञापन होर्डिंग्स से टकरा गए और उनका बायां कंधा चोटिल हो गया। वहां खड़े लोग तेजी से हुसैन तलत की ओर भागे। फिर उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाकर एम्बुलेंस में ले जाया गया।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 से बाहर हो सकते हैं हर्षित राणा, KKR में कौन करेगा रिप्लेस?

 

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने हुसैन तलत की चोट पर बयान जारी कर कहा, 'तलत को मैदान पर ही टीम के मेडिकल स्टाफ ने मेडिकल सहायता दी। शुरुआती जांच के बाद उन्हें डिटेल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया है। डॉक्टर्स के देखन के बाद ही चोट की गंभीरत का पता चलेगा।'

 

यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे के पेसर ने IPL के लिए पाकिस्तान को दिखाया अंगूठा, KKR में हुआ शामिल

पाकिस्तान ने जीता मैच

हुसैन तलत के चोटिल होने के एक ओवर बाद बारिश के चलते मैच को रोकना पड़ा। इस समय बांग्लादेश का स्कोर 6.3 ओवर में 27/3 था। मौसम साफ होने पर बांग्लादेश को 32 ओवर में 243 रन का रिवाइज टारगेट मिला, जिसके जवाब में वह 114 पर ही सिमट गया। पाकिस्तान ने DLS मेथड से 128 रन से जीत दर्ज की और सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल की। पाक टीम की ओर से माज सदाकत और हारिस रऊफ ने 3-3 विकेट लिए। माज सदाकत ने गेंद से कमाल दिखाने से पहले 46 गेंद में 75 रन ठोके थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।