वर्ल्ड क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने अमेरिका के क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी को 8 साल के लिए सभी तरह के क्रिकेट से बैन कर दिया है। ट्रिब्यूनल ने उन्हें एंटी-करप्शन कोड के तीन नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।
ICC के मुताबिक, रेड्डी को अबू धाबी टी10 लीग 2025 के दौरान मैच फिक्सिंग की कोशिश, दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाने और जांच के दौरान मोबाइल से सबूत मिटाने का दोषी पाया गया है। रेड्डी पर बैन 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। इसी समय से उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है।
यह भी पढ़ें: बॉक्सिंग-एथलेटिक्स में बजा डंका, किन खेलों में ग्लास्गो से खाली हाथ लौटा भारत?
DACO ने की मामले की जांच
ICC ने एक बयान जारी कर कहा कि मामले की जांच एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की ओर से नियुक्त डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल्स (DACO) ने की थी। इस ट्रिब्यूनल ने रेड्डी को इन तीन कोड के तहत निम्नलिखित अपराधों का दोषी माना है:
- आर्टिकल 2.1.1 – अबू धाबी टी10 2025 के मैचों के नतीजे, प्रोग्रेस, कंडक्ट या किसी अन्य पहलू को फिक्स करने, उसमें हेर-फेर करने या गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश; या किसी भी तरह से फिक्स करने, हेर-फेर करने या गलत तरीके से प्रभावित करने के लिए किसी समझौते या कोशिश में शामिल होना।
- आर्टिकल 2.1.4 - दूसरे खिलाड़ी या प्रतिभागी को मैच फिक्सिंग के लिए उकसाना, फुसलाना, मनाना या मदद करना।
- आर्टिकल 2.4.7 – जांच के दौरान मोबाइल से डेटा और मैसेज डिलीट करना।
यह भी पढ़ें: 'राम-राम भाई सारा ने' वाले अंकित बैयांपुरिया रिंग में चित, क्या है हाइप फाइटिंग?
अमेरिका के लिए कितने मैच खेले हैं रेड्डी?
26 साल के रेड्डी अमेरिका के लिए 4 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 1 विकेट दर्ज है। उन्होंने नॉर्थ अमेरिका कप के दौरान केमैन आइलैंड्स के खिलाफ USA के लिए डेब्यू किया था।
