भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा इकलौता टेस्ट मुल्लांपुर में जारी है। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम 500 से ज्यादा रन बना चुकी है और उसके पास 3 विकेट बचे हुए हैं। कल (6 जून) 103 रन पर नाबाद लौटे शुभमन गिल ने अपनी पारी में 23 रन और जोड़े। वह 177 गेंद में 126 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 50 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई और वह 81 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। पंत आसान शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन गलत शॉट खेलकर वह चलते बने। पंत ने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
यह भी पढ़ें: संगाकार-स्मिथ छूटे पीछे, अब ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे कप्तान गिल?
इसी कारण छिन गई थी उप-कप्तानी
अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट मैच से पहले पंत से उप-कप्तान की जिम्मेदारी ले ली गई थी। लगातार गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट होने के चलते पंत का डिमोशन हुआ था। हेड कोच गौतम गंभीर ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम यह नहीं चाहते कि ऋषभ अपने खेल को बदलें लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में मैच की स्थिति को पढ़ना बेहद जरूरी होता है। टीम किस परिस्थिति में है, उस समय क्या जरूरत है और कौन सा शॉट खेलना चाहिए, यह समझना बहुत महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: 'मैं खेलना नहीं डॉमिनेट करना चाहता हूं...' वैभव सूर्यवंशी ने भरी हुंकार
फंसे हुए मैच में भी पंत खराब शॉट खेलकर अपना विकेट फेंकते रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में भारतीय टीम मजबूत स्थिति थी लेकिन ध्रुव जुरेल के आउट होने के बाद अगले ही ओवर में पंत ने जिस अंदाज में शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया, उससे फिर से उन पर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर कब वह जिम्मेदारी लेकर खेलेंगे? अफगानी टीम ने लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑफ लगा रखा था। इसके बावजूद पंत ने ऑफ स्पिनर हशमतुल्लाह शहीदी की गेंद पर आगे निकलकर छक्का जड़ना चाहा और अपना विकेट गंवा दिया।
