शुभमन गिल ने शनिवार (14 जून) को एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। भारतीय कप्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में 66 गेंद में 84 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अफगानी टीम बारिश से प्रभावित इस मैच में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमटी गई थी, जिसे शुभमन की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 22.5 ओवर में आसानी से चेज कर लिया।
धर्मशाला में बारिश के कारण सवा 4 घंटे की देरी हुई, जिसके चलते 25-25 ओवर का मैच हुआ। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 51 गेंद में 102 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली लेकिन उनके अलावा कोई और बल्लेबाज नहीं चल सका, जिससे अफगानिस्तान विशाल स्कोर तक नहीं पहुंच सका।
रन चेज में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा (16) का विकेट जल्दी गंवा दिया था लेकिन शुभमन और बाकी बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान को उलटफेर का कोई मौका नहीं दिया। शुभमन ने इस दौरान वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे किए। इस मुकाम तक सबसे कम पारियों में पहुंचने के मामले में वह नंबर-1 भारतीय बल्लेबाज बने।
यह भी पढ़ें: स्पेन को FIFA वर्ल्ड कप 2026 का दावेदार क्यों मान रही है दुनिया?
शुभमन ने तोड़ा धवन का रिकॉर्ड
26 साल के शुभमन ने 3000 ODI रन के आंकड़े को 62वीं पारी में पार की। उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा। धवन को यहां तक पहुंचने में 72 पारियां लगी थीं। वहीं विराट कोहली 75 पारियों में इस मुकाम तक पहुंचे थे। केएल राहुल और नवजोत सिंह सिंद्धू ने क्रमश: 78 और 79 पारियां ली थीं।
ODI में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय
- शुभमन गिल - 62 पारियां
- शिखर धवन - 72 पारियां
- विराट कोहली - 75 पारियां
- केएल राहुल - 78 पारियां
- नवजोत सिंह सिद्धू - 79 पारियां
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी क्रिकेटर को पुलिस ने बीच सड़क पीटा, BCB ने की निष्पक्ष जांच की मांग
वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम है?
ODI क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है। अमला ने महज 57 पारियों में इस आंकड़े को छू लिया था। शुभमन ने उनसे 5 पारियां ज्यादा लीं। वेस्टइंडीज के शाई होप, पाकिस्तान के फखर जमान और इमाम उल हक ने 67-67 पारियों में 3000 वनडे रन बनाए थे। शुभमन ने इन तीनों को पछाड़ा है।
ODI में सबसे तेज 3000 रन
- हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका) - 57 पारियां
- शुभमन गिल (भारत) - 62 पारियां
- शाई होप (वेस्टइंडीज) - 67 पारियां
- फखर जमान (पाकिस्तान) - 67 पारियां
- इमाम उल हक (पाकिस्तान) - 67 पारियां
