यूनाइटेड किंगडम (UK) दौरे पर गई भारतीय टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। आयरलैंड के हाथों सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड से भी हार गई है। इंग्लैंड ने गुरुवार (9 जुलाई) को खेले गए 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में भारत को 9 विकेट से रौंदकर 2-1 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश में धुल गया था। भारतीय टीम वैसे तो इस दौरे पर हर मोर्चे पर नाकाम हुई है लेकिन खासकर स्पिनर्स ने सबसे ज्यादा निराश किया है।
सिर्फ 3 ही विकेट ले पाए भारतीय स्पिनर्स
इंग्लैंड के स्पिनर्स ने इस सीरीज में 8 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 30.4 ओवर डाले हैं और उनकी इकॉनमी सिर्फ 8.51 की रही है। वहीं भारतीय स्पिनर्स की बात करें तो वे 3 ही विकेट ले पाए हैं। अक्षर पटेल की अगुवाई वाले स्पिन डिपार्टमेंट ने 22 ओवर फेंके हैं और 11.09 की बेहद खराब इकॉनमी से रन दिए हैं।
यह भी पढ़ें: एमबापे ने फ्रांस को सेमीफाइनल में पहुंचाया, मोरक्को का सपना टूटा
वरुण-बिश्नोई और सुंदर बुरी तरह पिटे
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उन्होंने इस सीरीज में 3 मैच खेले, जिसकी 2 पारियों में वह 1 ही विकेट ले पाए। उन्होंने प्रति ओवर 10.28 रन खर्चे। रवि बिश्नोई को दूसरे टी20 मुकाबले में मौका मिला था, जिसमें उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 60 रन लुटा दिए थे। उनके खाते में कोई विकेट भी नहीं रहा। बिश्नोई ने उस मुकाबले में इंग्लैंड की पारी के 17वें ओवर में 29 रन दे दिए थे, जिससे 190 रन डिफेंड कर रही टीम इंडिया के हाथों से मैच फिसल गया।
ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में एक ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें उन्हें 19 रन पड़े थे। इसके बाद उन्हें प्लेइंग-XI से ड्रॉप कर दिया गया। वरुण और हर्षित राणा के चोटिल होने से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में उनकी वापसी हुई लेकिन कहानी वही रही। वॉशिंगटन इस मैच में भी बुरी तरह पिटे और उन्होंने फिर से एक ओवर में 19 रन खर्च दिए।
यह भी पढ़ें: 92 साल तक किसी ने नहीं पूछा, अब लॉर्ड्स में कैसे हो रहा है महिला टेस्ट?
अक्षर का कैसा प्रदर्शन है?
सीनियर स्पिन ऑलराउंडर अक्षर का प्रदर्शन का बाकी भारतीय स्पिनर्स से अच्छा है। अक्षर ने 3 पारियों में 2 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 9.30 की है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 20 रन दिए थे और हैरी ब्रूक का बड़ा विकेट झटका था लेकिन बिश्नोई ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
