ACC विमेंस एशिया कप 2026 में आज (5 सितंबर) भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना होना है। टीम इंडिया अपने दोनों ग्रुप मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। भारत ने थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को शिकस्त देकर अगले राउंड में जगह बनाई है। वहीं पाकिस्तान ने भी अपने अभियान का विजयी आगाज किया है। 

 

पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 35 रन से मात थी। पाक टीम भारत से हारकर भी सेमीफाइनल की रेस में बनी रहेगी। उसका आखिरी मुकाबला हॉन्ग कॉन्ग से है। ऐसे में फातिमा सना ब्रिगेड पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: Asia Cup: कितने बजे से शुरू होगा भारत-पाकिस्तान मैच, मोबाइल पर कहां दिखेगा?

पाक के सामने टीम इंडिया की असली परीक्षा

भारतीय टीम ने थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को बेहद आसानी से हराया है लेकिन उसका मिडिल ऑर्डर दोनों मुकाबलों में फेल रहा है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई है। इसके बावजूद टीम इंडिया बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी है। थाईलैंड के खिलाफ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने 46 रन बनाने में आखिरी 8 विकेट गंवा दिए। 

 

हॉन्ग कॉन्ग के सामने भी यही हाल रहे। स्मृति ने 124 रन की पारी खेली, जबकि शेफाली ने 28 रन बनाए। उनके बाद नंबर-3 से सातवें नंबर तक के बल्लेबाज सिर्फ 34 रन ही जोड़ सके। इस एशिया कप में भारत की बल्लेबाजी स्मृति और शेफाली की बदौलत ही चल रही है। स्मृति 143 रन बना चुकी हैं, जबकि शेफाली ने 92 रन बटोरे हैं। इसके बाद प्रतिका रावल का नाम है, जिन्होंने महज 32 रन ही बनाए हैं।

 

मिडिल ऑर्डर के फेल्योर के बाद भी भारतीय टीम ने इन दोनों ही मैचों उस स्कोर तक पहुंच गई, जहां तक थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग के लिए पहुंचना नामुमकिन था लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हरमनप्रीत कौर सेना को इस कमी को सुधारना होगा। पाक टीम धीमी पिच पर घातक साबित हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: US Open में गंजेड़ी बने सिरदर्द... आर्यना सबालेंका ने बीच में रोक दिया मैच

फॉर्म में आ रही है पाकिस्तानी की टीम 

थाईलैंड के खिलाफ पाक टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन ही बना सकी थी। विकेटकीपर मुनीबा अली (54) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका लेकिन गेंदबाजों ने मोर्चा संभाल थाईलैंड को महज 84 रन पर रोक दिया। पाकिस्तान की भी अच्छी शुरुआत नहीं रही है लेकिन दुबई की धीमी पिच पर उसे कम नहीं आंका जा सकता है।

 

पाक टीम पिछले महीने ही श्रीलंका की धीमी पिचों पर खेलकर आई है। श्रीलंका में उसने दो बार 170 से ज्यादा रन बनाए थे। मुनीबा और शवाल जुल्फिकार ने तेजी से रन बटोरे थे। पाक टीम को भारत के खिलाफ अपने ओपनर्स से ऐसी ही शुरुआत की उम्मीद होगी। कप्तान फातिमा सना श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेली थीं। उनके टीम में होने से पाक टीम का बैलेंस बेहतरीन हो गया है।

भारत को एक बार हरा चुकी है पाक टीम

विमेंस टी20 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 7 बार आमना-सामना हुआ है। इनमें 6 बार टीम इंडिया जीती है, जबकि पाकिस्तान ने एक बार बाजी मारी है। उसने 2022 में टीम इंडिया को 13 रन से शिकस्त दी थी।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:

भारत - स्मृति मांधना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़

 

पाकिस्तान - मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आएशा जफर, सदफ शम्स, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, ऐमन फातिमा, तुबा हसन, नश्रा संधु, सादिया इकबाल