भारत ने शुक्रवार (6 फरवरी) को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया। जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद में 175 रन की धमाकेदार पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ही सिमट गई। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।

 

टीम की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह खिताबी जीत युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। PM मोदी ने ट्वीट कर लिखा, 'भारत की क्रिकेट प्रतिभा चमक उठी! वर्ल्ड कप जीतकर लाने वाली हमारी अंडर-19 टीम पर हमें गर्व है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और असाधारण कौशल का परिचय दिया। यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। खिलाड़ियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

 

यह भी पढ़ें: 'छोड़ना मत वैभव...' कोच की वह सलाह जिसके बाद आया सूर्यवंशी का तूफानी शतक

कोहली बोले - हमारा दबदबा कायम है

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि क्रिकेट के हर लेवल पर हमारा दबदबा कायम है। अपनी कप्तानी में भारत को 2008 में U19 वर्ल्ड कप जिताने वाले कोहली ने X पर लिखा, 'अंडर-19 भारतीय टीम को एक बार फिर वर्ल्ड कप जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। एज ग्रुप क्रिकेट और उससे आगे भी हमारा दबदबा जारी है। शाबाश पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ।'

 

यह भी पढ़ें: जिस रिकॉर्ड पर घमंड कर रहा था पाकिस्तान, वैभव सूर्यवंशी ने उसे ही तोड़ दिया

'वेल डन, वैभव!'

सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया के निडर अंदाज की तारीफ की। उन्होंने खासतौर से वैभव सूर्यवंशी को जमकर सराहा। सचिन ने लिखा, 'इस युवा टीम और उसके फीयरलेस क्रिकेट पर मुझे बहुत गर्व है। शाबाश पूरी टीम। कोचों और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को बधाई। इस मोमेंट को एंजॉय की कीजिए!'

 

उन्होंने वैभव की तारीफ करते हुए लिखा, 'जब आपके पास सूर्यवंशी हो, तो एक यादगार और ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है! वेल डन, वैभव!

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी वैभव की पारी को सराहा। उन्होंने एक X पोस्ट में लिखा, 'फिर से वर्ल्ड चैंपियन। अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम को बहुत-बहुत बधाई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन, और फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी ने इसे और भी खास बना दिया। इस यादगार जीत के लिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बहुत-बहुत बधाई।' भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम के हेड होच गौतम गंभीर ने लिखा, 'हमें आप पर गर्व है। आपका उज्ज्वल भविष्य है।'