ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला फाइनलिस्ट तय हो गया है। न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। अब दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला आज (5 मार्च) भारत और इंग्लैंड मैच से होना है। दोनों टीमों की टक्कर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाली है। इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ ही अभिषेक शर्मा बड़ी शतकीय पारी खेल चुके हैं और आज वह सेमीफाइनल की तस्वीर तय कर सकते हैं।

 

पिछले साल की शुरुआत में अभिषेक ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 5 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 54 गेंद में 135 रन ठोके थे। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 13 छक्के जड़े। अभिषेक भले ही फिलहाल टच में नहीं दिख रहे हों लेकिन संजू सैमसन के खिलाफ इंग्लैंड की रणनीति का उन्हें फायदा मिल सकता है।

 

यह भी पढ़ें: बल्लेबाज या गेंदबाज, वानखेड़े की पिच पर कौन जमाएगा रंग?

इंग्लैंड के प्लान पर पानी फेरेंगे अभिषेक?

संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो वाले मुकाबले में नाबाद 97 रन की पारी खेल टीम इंडिया को सेमीफाइनल में एंट्री दिलाई थी। संजू ने 195 रन के चेज में बेहतरीन लय में बल्लेबाजी की और भारत की नैया पार लगाई। सेमीफाइनल में भी उनसे ऐसी ही पारी की उम्मीद है लेकिन इंग्लैंड के प्लान के सामने उनका चलना थोड़ा मुश्किल है। दरअसल, जोफ्रा आर्चर के खिलाफ संजू का हालिया रिकॉर्ड बेहद खराब है। 

 

भारत-इंग्लैंड के बीच हुई पिछली टी20 सीरीज में जोफ्रा ने संजू को 23 गेंद में 3 बार आउट किया था। संजू इन 23 गेंद पर सिर्फ 25 रन ही बना पाए थे। यानी जोफ्रा ने उन पर लगाम भी लगाए रखा और विकेट भी चटकाए। संजू को छोटी गेंद से परेशान किया गया था। इंग्लैंड की टीम जोफ्रा को फिर से संजू के लिए इस्तेमाल करने के प्लान के साथ उतरेगी लेकिन अभिषेक उनका गेम बिगाड़ सकते हैं।


जिस सीरीज में जोफ्रा ने संजू को परेशान किया था, उसी सीरीज में अभिषेक ने इस रफ्तार के सौदागर के खिलाफ 33 गेंद में 61 रन ठोके थे और कभी आउट भी नहीं हुए। अगर इंग्लैंड की टीम संजू को आउट करने के लिए पावरप्ले में जोफ्रा से अतिरिक्त गेंदबाजी कराती है तो अभिषेक उनके लिए बड़ा खतरा होंगे। अभिषेक के आउट होने पर तिलक वर्मा भी जोफ्रा के लिए मुसीबत बन सकते हैं। तिलक ने पिछली सीरीज में जोफ्रा की 16 गेंद पर 36 रन बटोरे थे। वह भी कभी जोफ्रा का शिकार नहीं बने।

 

यह भी पढ़ें: 'सिर्फ पब्लिसिटी के लिए बोलते हैं'.., कैफ ने मोहम्मद आमिर को दिया करारा जवाब

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

 

इंग्लैंड - फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डावसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।