भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज (25 जनवरी) गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला है। भारत ने सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी है और 2-0 से आगे चल रही है। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी। वहीं कीवी टीम यह मुकाबला जीतकर सीरीज को जिंदा रखना चाहेगी।

रंग में है भारत की बल्लेबाजी

टीम इंडिया को नागपुर में खेले गए शुरुआती टी20 मैच में पहले बैटिंग करने का न्योता मिला था। भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 190 पर रोक 48 रन से बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद रायपुर में हुए दूसरे मैच में भारत ने 209 रन के टारगेट को 28 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इन दोनों मैचों में भारत ने पावरप्ले में ही 2 विकेट खो दिए थे।

 

नागपुर में अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला तो रायपुर में ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नैया पार लगाई थी। टीम इंडिया को आज संजू सैमसन से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वह दोनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। आगामी टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर संजू का फॉर्म में लौटना जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने किया T20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान, कौन हैं कप्तान?

न्यूजीलैंड की गेंदबाजी चिंता का विषय

कीवी टीम की गेंदबाजी टी20 सीरीज में अब तक औसत रही है। जैकब डफी ही कुछ प्रभाव डाल पाए हैं। उनके अलावा कोई गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर पाए हैं। कप्तान मिचेल सैंटनर को चाहेंगे कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इस कमी को दूर कर ले। कीवी टीम जैक फाउल्क्स की जगह जिमी नीशम को मौका दे सकती है। फाउल्क्स ने रायपुर में 3 ओवर में ही 67 रन लुटा दिए थे।

 

यह भी पढ़ें: IND vs NZ T20: न्यूजीलैंड से जीत रही टीम इंडिया, CSK की टेंशन क्यों बढ़ गई है?

कहां देख सकते हैं लाइव मैच?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले तीसरे टी20 मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। यानी टी20 पर लाइव मैच देखने के लिए स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क को ट्यून करना होगा। वहीं इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप्प और वेबसाइट पर होगी। गुवाहाटी में यह मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा/जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव/अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती

 

न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी निशम, मैट हेनरी, जैकब डफी, ईश सोढ़ी