ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का विजयरथ रुक गया है। सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा है। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार है। 

 

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में भारतीय टीम महज 111 रन पर ही ऑलआउट हो गई। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। इसके लिए उन्होंने 37 गेंदों का सामना किया और वह बस हार का अंतर कम कर पाए।

 

सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंद खेलकर सिर्फ 8 रन बनाए। ईशान किशन खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं तिलक वर्मा 1 रन बनाकर आउट हुए। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके।

 

इससे पहले डेविड मिलर ने 35 गेंद में 63 रन की पारी खेलकर प्रोटियाज टीम को शुरुआती झटकों से उबारा था। उन्हें डेवाल्ड ब्रेविस (45) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 44) का साथ मिला, जिससे साउथ अफ्रीका ने मजबूत स्कोर खड़ा किया और यह भारत के लिए पहाड़ समान साबित हुआ।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका, लाइव अपडेट:-

Live Updates

2026-02-22T22:35

111 पर सिमट गई भारतीय टीम

साउथ अफ्रीका के 187 के जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई है। टीम इंडिया को 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के लिहाज से यह भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार है।

2026-02-22T22:15

भारत शर्मनाक हार के करीब

केशव महाराज ने 16वें ओवर में 3 विकेट लेकर भारत की शर्मनाक हार तय कर दी है। हार्दिक पंड्या और रिंकू सिंह सब आउट हो गए हैं।

2026-02-22T22:07

हार्दिक से चमत्कार की आस

भारतीय टीम 13 ओवर में 5 विकेट खोकर सिर्फ 81 रन ही बना पाई है। उसे जीत के लिए 42 गेंद में 107 रन की जरूरत है। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए।

2026-02-22T21:42

वॉशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी में भी हुए फेल

अक्षर पटेल की जगह खेल रहे वॉशिंगटन सुंदर 2 ओवर में 17 रन खर्चने के बाद अब बल्ले से भी फेल हो गए हैं। वह 11 गेंद में 11 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बन गए हैं। 7.2 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 43/4 हो गया है।

2026-02-22T21:33

मुसीबत में भारतीय टीम

टीम इंडिया पावरप्ले खत्म होने तक 31 रन ही बना पाई है। कप्तान सूर्यकुमार यादव और वॉशिंगटन सुंदर पर पारी संभालने और तेजी से रन बनाने की दोहरी जिम्मेदारी है।

2026-02-22T21:24

भारत का तीसरा विकेट गिरा

साउथ अफ्रीका की तरह भारतीय टीम ने पावरप्ले में 3 विकेट गंवा दिए हैं। अभिषेक शर्मा (15) को मार्को यानसन ने चलता कर दिया है। नंबर-5 पर वॉशिंगटन सुंदर को भेजा गया है।

2026-02-22T21:07

तिलक वर्मा भी OUT

ईशान किशन के बाद तिलक वर्मा भी आउट हो गए हैं। मार्को यानसन की पहली ही गेंद पर उन्होंने आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलना चाहा, जो उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई। तिलक ने रिव्यू भी लिया लेकिन नहीं बच पाए। 5 के स्कोर पर भारत ने दूसरा विकेट गंवा दिया है। तिलक 1 रन बनाकर चलते बने। अब तक डक पर आउट होते आ रहे अभिषेक शर्मा ने चौके से खाता खोला है। उनके साथ क्रीज पर सूर्यकुमार यादव हैं।

2026-02-22T21:05

ईशान किशन डक पर आउट

जिसका डर था वही हुआ। एडन मारक्रम ने पहले ही ओवर में टीम इंडिया को झटका दे दिया है। आज अभिषेक शर्मा नहीं ईशान किशन डक पर आउट हुए हैं। ईशान बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मिड ऑफ को आसान कैच थमा बैठे। तिलक वर्मा क्रीज पर आए हैं।

2026-02-22T20:49

साउथ अफ्रीका ने भारत को दिया 188 रन का टारगेट

ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या के खिलाफ 20 रन बटोरकर साउथ अफ्रीका को 187/7 के स्कोर तक पहुंचा दिया है। भारत को 188 रन का टारगेट मिला है। स्टब्स 24 गेंद में 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। हार्दिक ने 4 ओवर में 45 रन दिए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 47 रन लुटाए और 1 विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट झटके।

2026-02-22T20:43

कहां तक पहुंच पाएगा साउथ अफ्रीका?

डेविड मिलर के आउट होते ही साउथ अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई है। प्रोटियाज टीम ने 18वें और 19वें ओवर में मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश के विकेट खो दिए हैं। ट्रिस्टन स्टब्स 18 गेंद में 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। देखना होगा कि आखिरी 6 गेंद में वह साउथ अफ्रीका को किस स्कोर तक पहुंचा पाते हैं। फिलहाल स्कोर 167/7 है।

2026-02-22T20:28

डेविड मिलर OUT

वरुण चक्रवर्ती ने खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे डेविड मिलर का विकेट झटक लिया है। 152 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका की आधी पारी सिमट गई है। मिलर 35 गेंद में 63 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंन अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए।

2026-02-22T20:13

मिलर ने ठोका अर्धशतक

शिवम दुबे ने 13वें ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस (45) को चलता डेविड मिलर के साथ उनकी 97 रन की साझेदारी पर ब्रेक लगाया। इसी ओवर में डेविड मिलर ने छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट के नुकसान पर 131 रन बना लिए हैं।

2026-02-22T19:47

मिलर-ब्रेविस जमे

डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। 9 ओवर की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका का स्कोर 73/3 है।

2026-02-22T19:35

पावरप्ले की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका - 41/3

डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने पावरप्ले की समाप्ति तक साउथ अफ्रीका को कोई और झटक नहीं लगने दिया। स्कोर 41 रन तक पहुंचा है।

2026-02-22T19:23

साउथ अफ्रीका के 3 विकेट धड़ाम

अहमदाबाद में भारतीय गेंदबाज कहर ढा रहे हैं। जसप्रीत बुमराह ने लगातार दूसरे ओवर में विकेट लेकर साउथ अफ्रीका का स्कोर 20/3 कर दिया है। बुमराह ने रायन रिकलटन को धीमी गेंद पर फंसाया। डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर क्रीज पर हैं।

2026-02-22T19:16

साउथ अफ्रीका के दोनों ओपनर OUT

अब अर्शदीप सिंह ने एडन मारक्रम का विकेट चटका दिया है। तीन ओवर के अंदर ही साउथ अफ्रीका के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए हैं।

2026-02-22T19:13

बुमराह ने साउथ अफ्रीका को दिया पहला झटका

जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर क्विंटन डिकॉक को क्लीन बोल्ड कर भारत को बड़ी सफलता दिला दी है। 10 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका को पहला झटका लगा है। अब क्रीज पर रायन रिकलटन आए हैं।

2026-02-22T19:04

साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू

साउथ अफ्रीका की बैटिंग शुरू हो गई है। एडन मारक्रम और क्विंटन डिकॉक ओपनिंग करने आए हैं। अर्शदीप सिंह ने पहला ओवर डाला और उन्होंने सिर्फ 4 रन दिए।

2026-02-22T18:54

अक्षर को नहीं खिलाने पर बवाल

उप-कप्तान अक्षर पटेल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं खिलाए जाने पर भारतीय टीम मैनेजमेंट की आलोचना हो रही है।

2026-02-22T18:40

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

भारत - अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

साउथ अफ्रीका - एडन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी

2026-02-22T18:33

अक्षर पटेल हुए ड्रॉप

भारतीय टीम ने उप-कप्तान अक्षर पटेल को ड्रॉप कर दिया है। वॉशिंगटन सुंदर ने प्लेइंग-XI में अपनी जगह को बरकरार रखा है।

2026-02-22T18:33

साउथ अफ्रीका की पहले बैटिंग

साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है।

2026-02-22T18:08

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:

भारत - अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

साउथ अफ्रीका - एडन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा/एनरिक नॉर्खिया, लुंगी एनगिडी

2026-02-22T17:52

भारतीय टीम में होगा बदलाव?

टीम इंडिया ने नामीबिया के खिलाफ जिस प्लेइंग-XI को उतारा था, उसमें कोई बदलाव की गुंजाइश नहीं है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा लय में नहीं दिखे हैं लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले ही कह दिया है कि उन्हें बाहर नहीं किया जाएगा।