भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की शुरुआत 15 अगस्त से हो रही है। सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में, जबकि दूसरा टेस्ट कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने दोनों टेस्ट मैचों में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला किया है। श्रीलंकाई बोर्ड ने दोनों टेस्ट मैचों में दर्शकों की एंट्री फ्री कर दी है। 

SLC ने अपने बयान में कहा कि भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज में दर्शकों की एंट्री फ्री होगी। इससे क्रिकेट फैंस को वर्ल्ड-क्लास टेस्ट देखने का एक शानदार मौका मिलेगा।

बोर्ड ने बनाए खास एंट्री पॉइंट

SLC ने दर्शकों को बिना किसी रुकावट के आने-जाने के लिए दोनों मैदानों पर खास एंट्री पॉइंट तय किए हैं। गॉल टेस्ट मैच देखने आने वाले दर्शकों को गेट नंबर 4 से फ्री एंट्री मिलेगी, जबकि कोलंबो में फैंस बिना पैसे दिए गेट नंबर 3, 4, 5 और 7 से ग्राउंड में जा सकते हैं।

 

बोर्ड ने कहा, 'श्रीलंका क्रिकेट देश भर के क्रिकेट प्रेमियों, युवा क्रिकेटर्स, परिवारों और खेल प्रेमियों को इस पहल का फायदा उठाने और श्रीलंका और भारत के बीच टेस्ट क्रिकेट के रोमांच का अनुभव करने के लिए दिल से स्वागत करता है।'

 

यह भी पढ़ें: गुरनूर बराड़ या प्रसिद्ध कृष्णा, श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में कौन खेलेगा?

मौजूदा WTC साइकल का हिस्सा है ये सीरीज

भारत-श्रीलंका सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 साइकल का हिस्सा है। भारत मौजूदा WTC साइकल के पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है। उसे फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखने के लिए छठे नंबर पर मौजूद श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप करने की जरूरत है। भारत ने 2017 में अपने पिछले श्रीलंका दौरे पर मेजबान टीम का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। 

 

यह भी पढ़ें: आर प्रज्ञानानंद ने जीता सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब, कितना मिलेगा इनाम?

 

भारत का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल , ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा , कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।

 

श्रीलंका ने अपने स्क्वॉड का ऐलान नहीं किया है।