ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही थम गया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम रविवार (28) को आखिरी ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना जरूरी था। यानी एक तरह से उसके लिए यह वर्चुअल क्वार्टर फाइनल मैच था। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और धीमी शुरुआत से उबरकर 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन का स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत ने 27 गेंद में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रन की आतिशी पारी खेल टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि यह नाकाफी साबित हुआ।
एलिस पेरी और ऐश्ली गार्डनर के आतिशी पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से टारगेट हासिल कर लिया और भारत को बाहर का रास्ता दिया। सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहने के बावजूद भारतीय टीम को लॉस एंजेलिस में होने वाले 2028 ओलंपिक का टिकट मिल गया है। वहीं सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भी वेस्टइंडीज की टीम को ओलंपिक के लिए क्वालिफायर खेलना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: संजू-अभिषेक या ईशान, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू के लिए कौन जाएगा बाहर?
भारत को क्यों मिला टिकट?
आगामी ओलंपिक में होने वाले विमेंस क्रिकेट इवेंट के लिए भारत ही नहीं ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और ब्रिटेन (इंग्लैंड के चलते) ने भी क्वालिफाई कर लिया है। इन सभी देशों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने प्रदर्शन से ओलंपिक का टिकट कटाया। भारत को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही हैं। इन सभी को ओलंपिक में इसलिए एंट्री मिल गई है, क्योंकि ये अपने-अपने महाद्वीप की टॉप टीमें रहीं। माने कि भारत ने एशियाई टीमों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और ओलंपिक में जगह बनाई। इसी तरह ओशिनिया से ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका से साउथ अफ्रीका और यूरोप से ब्रिटेन ने क्वालिफाई किया।
वेस्टइंडीज क्यों चूका?
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से ओशिनिया, अफ्रीका, यूरोप और एशिया की टॉप परफॉर्मर टीमों को ही ओलंपिक में जगह मिलने वाली थी। इस कारण वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में पहुंचकर भी ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। इसके अलावा वेस्टइंडीज कई देशों की संयुक्त क्रिकेट टीम है और इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (IOC) इसे एक अलग नेशनल ओलंपिक कमिटी (NOC) के रूप में मान्यता भी नहीं देती है।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड से 9 साल से टी20 सीरीज नहीं हारी भारतीय टीम, आखिरी 10 मैचों में 7 जीती
वेस्टइंडीज के लिए दरवाजे बंद हो गए हैं?
विंडीज टीम के पास ओलंपिक में खेलने का एक और मौका है। अगले साल ICC ओलंपिक क्वालिफायर इवेंट आयोजित होगा, जिससे वह LA28 का टिकट हासिल कर सकती है। ओलंपिक क्रिकेट इवेंट में 6-6 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। एक टीम मेजबान देश अमेरिका की होगी। हालांकि अमेरिका की विमेंस टीम को 30 जून से 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच कम से कम एक बार ICC टी20 रैंकिंग में टॉप-15 में आना होगा। अमेरिकी विमेंस टीम फिलहाल 20वें पायदान पर है।
मेंस टीमों के लिए क्या प्रक्रिया है?
ओलंपिक में मेंस क्रिकेट इवेंट में भी 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 4 टीमें ICC टी20 रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालिफाई करेंगी। विमेंस की तरह ये टीमें भी अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से होंगी। उन्हें 31 दिसंबर 2026 की कट ऑफ तारीख को ICC टी20 रैंकिंग में अपने-अपने महाद्वीप की टॉप टीम बने रहना होगा। अमेरिका को मेजबान के तौर पर मौका मिलेगा। वहीं छठी टीम क्वालिफायर से डिसाइड होगी। क्वालिफायर इवेंट में 8 टीमें उतरेंगी। उन्हें भी ICC रैंकिंग के आधार पर ही क्वालिफायर खेलने का मौका दिया जाएगा।


