भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के पूर्व महासचिव राजीव मेहता ने 5 दिसंबर को होने वाले IOA चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है। ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान योगेश्वर दत्त, भारतीय कयाकिंग और केनोइंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा और भारतीय तैराकी महासंघ के प्रमुख आर एन जयप्रकाश ने कार्यकारी परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन भरा है।
राजीव मेहता के नाम का प्रस्ताव भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने रखा और भारतीय तलवारबाजी संघ की सुरेखा ने उसका अनुमोदन किया। मेहता और सुरेखा IOA मतदाता सूची में तलवारबाजी संघ के प्रतिनिधि हैं। मेहता 2014 से 2022 तक IOA महासचिव रहे। वह भारतीय तलवारबाजी संघ और एशियाई तलवारबाजी परिसंघ के महासचिव हैं।
यह भी पढ़ें: सैयद मोदी टूर्नामेंट से बड़े नाम गायब, त्रिसा-गायत्री लगाएंगी खिताबी हैट्रिक?
गगन नारंग अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार
अलग-अलग पदों के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख मंगलवार शाम 4:30 तक है। यह चुनाव अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष , दो उपाध्यक्ष (एक महिला और एक पुरुष), कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और कार्यकारी परिषद के छह सदस्यों के लिए होगा। कार्यकारी परिषद के छह सदस्यों में से दो (एक पुरुष और एक महिला) आठ उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (SOM) में से चुने जाएंगे।
यह भी पढ़ें: UAE को हल्के में नहीं लेना... पाक से हार के बाद टीम इंडिया को रहना होगा सतर्क
योगेश्वर SOM में शामिल हैं। उनके अलावा अन्य नाम गगन नारंग, विजेंदर सिंह, कमलेश मेहता, अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल हैं। IOA उपाध्यक्ष और ओलंपिक मेडलिस्ट निशानेबाज गगन नारंग को अध्यक्ष पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। उम्मीदवार 2 दिसंबर तक नामांकन वापिस ले सकते हैं। उम्मीदवारों की अंतिम सूची 3 दिसंबर को जारी होगी। चुनाव, मतगणना और नतीजों की घोषणा 5 पांच दिसंबर को होगी।
