इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेयर ऑक्शन में कुल 77 खिलाड़ियों पर बोली लगी, जिनके लिए सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने 215.45 करोड़ रुपये खर्च किए। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अकेले 63.85 करोड़ रुपये खर्चे। इस फ्रेंचाइजी ने सबसे ज्यादा 13 प्लेयर्स को खरीदा। KKR इस मिनी नीलामी में 64.30 करोड़ रुपये के पर्स के साथ उतरी थी। उसने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए 25.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। 

 

ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। इससे पहले मिचेल स्टार्क के नाम यह रिकॉर्ड था। स्टार्क को IPL 2024 ऑक्शन में KKR ने ही 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली इस फ्रेंचाइजी ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए भी बड़ी बोली लगाई। KKR ने पथिराना को 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा।

 

अबू धाबी के एतिहाद एरीना में 16 दिसंबर को हुए ऑक्शन में भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों की भी किस्मत चमकी। प्रशांत वीर (14.2 करोड़) और कार्तिक शर्मा (14.2 करोड़) IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। प्रशांत और कार्तिक दोनों को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने खरीदा। इसके अलावा आकिब नबी (8.40 करोड़) और मंगेश यादव (5.20 करोड़) पर भी बड़ी बोली लगी।

 

यह भी पढ़ें: आंकड़े बताते हैं आकिब डार पर दिल्ली कैपिटल्स ने क्यों लुटा दिए 8.4 करोड़

युवा खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने लगाया दांव

नीलामी में 29 विदेशी और 48 भारतीय खिलाड़ी बिके। विदेशी खिलाड़ियों ने 128.05 करोड़ रुपये कमाए, जबकि भारतीय प्लेयर्स के हिस्से में 87.40 करोड़ रुपये आए। इन 87.40 करोड़ रुप से भी ज्यादातर पैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों के ऊपर खर्च हुए। फ्रेंचाइजियों ने सिर्फ 9 कैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को खरीदा, जिसमें से 6 तो बेस प्राइस पर ही मिल गए। आकाश दीप (1 करोड़) को छोड़ दें तो बाकी 5 का बेस प्राइस 75 लाख रुपये ही था।

 

फ्रेंचाइजियों की पहली पसंद युवा भारतीय खिलाड़ी थे। ऑक्शन में 25 साल से कम उम्र वाले 32 खिलाड़ियों पर बोली लगी, जिनमें से 29 भारतीय थे। वहीं 30 की उम्र के पड़ाव को पार कर चुके कुल 20 खिलाड़ी ही बिक सके।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 ऑक्शन के बाद कैसी दिख रही है चेन्नई सुपर किंग्स? पूरी लिस्ट देखिए

फोटो क्रेडिट, IPL/X

किस उम्र के खिलाड़ियों पर बरसे पैसे?

IPL 2026 ऑक्शन में सबसे ज्यादा कमाई 25 साल से कम उम्र वाले खिलाड़ियों ने की है। इनके हिस्से 73 करोड़ 80 लाख रुपये आए हैं। सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर पर काबिज मथीशा पथिराना (22 साल), प्रशांत वीर (20 साल) और कार्तिक शर्मा (19 साल) इसी एज ग्रुप के हैं। वहीं 26-30 एज ग्रुप के प्लेयर्स पर 71 करोड़ 40 लाख रुपये, जबकि 30 साल से ज्यादा की उम्र वाले खिलाड़ियों पर 70 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च हुए।

25 साल से कम उम्र वाले प्लेयर्स ने की बंपर कमाई

25 से कम उम्र वाले खिलाड़ियों ने कमाए - 73 करोड़ 80 लाख
26-30 की उम्र वाले खिलाड़ियों ने कमाए - 71 करोड़ 40 लाख
30 प्लस उम्र वाले खिलाड़ियों ने कमाए - 70 करोड़ 25 लाख