IPL 2026 का सीजन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। अब तक 40 मैच खेले जा चुके हैं। अब प्लेऑफ की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। कुछ टीमें जहां मजबूती से टॉप-4 की ओर बढ़ रही हैं, वहीं कुछ दिग्गज टीमों के लिए राह बेहद कठिन हो गई है। पंजाब किंग्स इस समय 8 मैचों में 13 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

 

राजस्थान रॉयल्स 12 अंक के साथ तीसरे नंबर और सनराइजर्स हैदराबाद 10 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनी हुई हैं। हालांकि राजस्थान की हालिया फॉर्म में गिरावट देखने को मिली है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स (DC), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) जैसी टीमों के सामने अब करो या मरो की स्थिति बन गई है।

 

यह भी पढ़ें: 22 मैच, 8 जीत… पंत की कप्तानी में LSG का गिरा ग्राफ, फ्रेंचाइजी के लिए बने बोझ

प्लेऑफ का गणित

IPL 2026 के इस सीजन में 10 टीमें दो ग्रुप में बंटी हैं और हर टीम 14 मैच खेलती है। आमतौर पर 16 अंक हासिल करने वाली टीमों का प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जाता है। 14 अंक पर भी क्वालीफाई करने की संभावना रहती है लेकिन इसमें नेट रन रेट (NRR) अहम भूमिका निभाता है। वहीं 12 अंक तक पहुंचने वाली टीमों के लिए आगे बढ़ना काफी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि उन्हें अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ता है।

DC-KKR-MI-LSG के लिए प्लेऑफ समीकरण

दिल्ली कैपिटल्स: इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। हाल ही में, RCB के खिलाफ, टीम ने पावरप्ले में सिर्फ 13 रन पर 6 विकेट खो दिए और 75 रन पर ढेर हो गई। इस हार के बाद, उनका नेट रन रेट गिरकर -1.060 हो गया है। टीम के पास 6 मैच बचे हैं, और 16 पॉइंट तक पहुंचने के लिए उन्हें कम से कम 5 जीतने होंगे। नहीं तो, दिल्ली को अगले 4 मैच अच्छे नेट रन रेट के साथ जीतने होंगे।

 

यह भी पढ़ें: PBKS vs RR: IPL 2026 में पंजाब की पहली हार, 6 विकेट से राजस्थान ने दर्ज की जीत

 

कोलकाता नाइट राइडर्स: कोलकाता नाइट राइडर्स भी संघर्ष कर रही है। 8 मैचों में सिर्फ 5 पॉइंट्स के साथ टीम 8वें स्थान पर हैं। लखनऊ के खिलाफ सुपर ओवर में जीत ने उम्मीदें जरूर जिंदा रखी हैं लेकिन अब KKR के लिए हर मैच जीतना लगभग जरूरी है। प्लेऑफ के लिए आराम से क्वालिफाई करने के लिए कोलकाता को बाकी सभी 6 मैच जीतने होंगे, जिससे उनके कुल पॉइंट्स 17 हो जाएंगे। 5 मैच जीतने पर उन्हें 15 पॉइंट्स मिलेंगे। अगर KKR अपने अगले 4 मैच जीतती है तो उनके 13 पॉइंट्स ही होंगे, जिससे कोलकाता प्लेऑफ से बाहर हो सकते हैं।

 

मुंबई इंडियंस: मुंबई इंडियंस की हालत भी चिंताजनक है। 7 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ टीम 9वें नंबर पर है। चेन्नई के खिलाफ 103 रन से हारने के बाद उनका नेट रन रेट -0.736 हो गया है। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए मुंबई को अपने बचे हुए 7 मैचों में से कम से कम 6 जीतने होंगे। नहीं तो उन्हें अच्छे नेट रन रेट के साथ कम से कम 5 मैच जीतने होंगे, जिससे उनके पॉइंट्स टोटल 14 हो जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: DC vs RCB: दिल्ली से कहां हुई चूक? बेंगलुरु ने 18 गेंद रहते 9 विकेट से जीता मैच

 

लखनऊ सुपर जायंट्स: लखनऊ सुपर जायंट्स की स्थिति सबसे खराब नजर आ रही है। टीम 8 मैचों में सिर्फ 4 अंक के साथ आखिरी पायदान पर है और उनका नेट रन रेट -1.106 है। लखनऊ को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने सभी बचे हुए 6 मैच जीतने होंगे। एक भी हार उन्हें लगभग प्लेऑफ से बाहर कर सकती है।