इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत पंजाब किंग्स (PBKS) ने लगातार 6 जीत के साथ की थी। उसका एक मुकाबला बारिश में धुल गया था। टीम 7 मैचों में ही 13 पॉइंट्स तक पहुंच गई थी। लग रहा था कि उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब 2-3 मैच ही लगेंगे लेकिन अब कहानी बदलती नजर आ रही है। PBKS ने लगातार 3 मुकाबले गंवा दिए हैं।

 

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ PBKS 222 रन डिफेंड करने में असफल रही थी। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस (GT) के सामने 163 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में PBKS ने अच्छी गेंदबाजी की और मैच को आखिरी ओवर तक खींचा लेकिन अगले ही मैच में उसने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 235 रन लुटा दिए। इसके जवाब में PBKS 202 रन ही बना पाई और 33 रन से मुकाबला हार गई। हार के साथ PBKS ने पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 का ताज भी गंवा दिया है।

 

यह भी पढ़ें: कभी इस प्लेयर को नौसिखिया बॉलर की तरह मारते थे श्रेयस अय्यर, अब उसी का शिकार बने

SRH के सामने हर डिपार्टमेंट में फेल हुई PBKS

बुधवार (6 मई) को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीजन के 49वें मुकाबले में SRH के सामने PBKS की टीम ने हर डिपार्टमेंट में खराब प्रदर्शन किया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दिलाई। PBKS ने 3.2 ओवर में 54 रन खाने के बाद अभिषेक का बड़ा विकेट झटक लिया। अब उसे कंट्रोल हासिल करने की जरूरत थी लेकिन फील्डरों ने उसके मंसबों पर पानी फेर दिया।

 

कूपर कोनोली ने ईशान किशन का आसान कैच छोड़ा, तो शशांक सिंह ने हेनरिक क्लासेन को जीवनदान दे दिया। PBKS का फील्ड में लचर प्रदर्शन जारी रहा और उसने ईशान को दो और जीवनदान दे दिए। इस बार युजवेंद्र चहल की गेंद पर लॉकी फर्ग्यूसन ने कैच टपकाया तो कुछ ही गेंद बाद प्रभसिमरन सिंह ने स्टंपिंग का मौका गंवाया। ईशान (32 गेंद में 55 रन) और क्लासेन (43 गेंद में 69 रन) ने जीवनदान का फायदा उठाकर अर्धशतकीय पारियां खेली और PBKS को बैकफुट पर धकेल दिया। 

 

इसके बाद विशाल रन चेज करने उतरी PBKS के बल्लेबाजी क्रम की कमर पावरप्ले में ही टूट गई। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर 4 ओवर के अंदर ही पवेलियन लौट गए। कूपर कोनोली ने जरूर नाबाद शतकीय पारी खेली लेकिन वह SRH को कभी दबाव में नहीं डाल पाए। इस मुकाबले में PBKS बॉलिंग, फील्डिंग और बैटिंग में औसत दर्जे की टीम नजर आई।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या RCB के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? मुंबई इंडियंस के खेमे से आया अपडेट

बढ़ रही है PBKS की परेशानी  

PBKS की गेंदबाजी सीजन की शुरुआत से ही संघर्ष कर रही है। GT के खिलाफ पिछले मुकाबले में छोटे टारगेट को डिफेंड करते हुए उसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे टीम का मनोबल बढ़ा लेकिन अगले ही मैच में फील्डर्स ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। अब तक PBKS के बॉलर्स और फील्डर्स निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन बल्लेबाज उनकी गलतियों को ढंक दे रहे थे। मगर अब बल्लेबाज भी संघर्ष करने लगे हैं। 

 

प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी के अच्छी शुरुआत नहीं देने पर मिडिल ऑर्डर भी फेल हो जा रहा है। ऐसा पिछले दो मुकाबलों में देखने को मिला है। श्रेयस अय्यर के बल्ले को भी जंग लग गई है। कूपर कोनोली ने शतक जड़ा है लेकिन उनके प्रदर्शन में भी निरंतरता नहीं है। बढ़ती परेशानियों के बीच अब देखना होगा कि PBKS कैसे वापसी करती है। उसकी प्लेऑफ की राह तो आसान है लेकिन उसे टॉप-2 में फिनिश करने के लिए अपने गेम को टॉप पर ले जाना होगा।