इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) 2026 के बाद से हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। खबरें हैं कि हार्दिक अब मुंबई इंडियंस (MI) में नहीं रहना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक ने अपना फैसला MI मैनेजमेंट को बता दिया है, जिसके बाद से उनके ट्रेड को लेकर रोज नई-नई खबरें आ रही हैं। हार्दिक के चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में जाने की सबसे ज्यादा चर्चा है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि हार्दिक के बदले CSK शिवम दुबे और आयुष म्हात्रे को MI को दे सकती है। हालांकि CSK ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने कहा है कि प्लेयर ट्रेड के बारे में अभी कोई बातचीत नहीं चल रही है। क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज के अनुसार, विश्वनाथन ने यहां तक कह दिया है कि CSK फिलहाल सोच भी नहीं रही है।
यह भी पढ़ें: हैरी केन के 2 गोल से जीता इंग्लैंड... कांगो बाहर, बेल्जियम ने सेनगल को दी शिकस्त
सीजन रिव्यू के बाद CSK लेगी फैसला
CSK के CEO ने कहा कि फ्रेंचाइजी अभी IPL 2026 सीजन का रिव्यू पूरा नहीं कर पाई है। रिव्यू खत्म होने के बाद ही ट्रेड पर विचार करेंगे। विश्वनाथन ने क्रिकबज से कहा, 'हमने अभी कोई फैसला नहीं लिया है और इस पर अभी विचार भी नहीं कर रहे हैं। हमें पता है कि कौन-कौन से खिलाड़ी ट्रेड के लिए उपलब्ध हैं और हम सीजन का अपना रिव्यू पूरा करने के बाद इस पर बात करेंगे। मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के बाद सीजन रिव्यू पूरा होगा। इसमें अभी काफी समय है।'
यह भी पढ़ें: सेमीफाइनल से बाहर होकर भी ओलंपिक के लिए कैसे क्वालिफाई कर गई भारतीय महिला टीम?
MI ने भी अटकलों को किया खारिज
MI ने भी ट्रेड के अटकलों को खारिज किया है। फ्रेंचाइजी ने कहा है कि इस समय किसी खिलाड़ी के ट्रेड पर बातचीत नहीं चल रही है। सीजन रिव्यू पूरा होने के बाद किसी खिलाड़ी के भविष्य पर फैसला लिया जाएगा। MI की पेरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की सलाना आम बैठक के बाद फ्रेंचाइजी का सीजन रिव्यू शुरू हुआ है, जिसमें सिर्फ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि पूरे सपोर्ट स्टाफ का भी आकलन किया जा रहा है।
MI के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा 'अभी हम प्लेयर ट्रेड के बारे में बाततचीत नहीं कर रहे हैं, यह तभी मुमकिन है, जब रिव्यू पूरा हो जाएगा। हमने अभी अपना पोस्ट सीजन रिव्यू शुरू किया है और टीम की सभी पहलुओं पर गौर करेंगे। प्लेयर्स के बारे में कोई भी फैसला लेने से पहले कई ऑप्शन और आइडिया को देखा जाएगा।'


