टीम इंडिया ने रविवार को अहमदाबाद में इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप टाइटल को डिफेंड करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। भारत की दबदबे वाली जीत के बाद हेड कोच गौतम गंभीर की भी खूब तारीफ हो रही है।

 

गंभीर के कार्यकाल में टीम इंडिया ने दूसरी ICC ट्रॉफी जीती है। इससे पहले भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। अब टीम को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने पर गंभीर के चाहने वाले गदगद हो गए हैं और उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। इसी कड़ी में IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने भी गंभीर की भी जमकर तारीफ की है। ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर उन्हें अजेय बताया। इसके जवाब में जवाब में गंभीर ने उन्हें शुक्रिया कहा, जो वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'जब तक मैं हूं निजी उपलब्धियां...', वर्ल्ड कप जीतकर किसे संदेश दे गए गौतम गंभीर?

यूजर्स ने लिए गंभीर के मजे

ललित मोदी ने एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें गंभीर के द्वारा प्लेयर और कोच या मेंटोर के तौर पर जीते गए फाइनल की उपलब्धियों को बताया गया था। ललित मोदी ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए लिखा, 'आप बस इस रिकॉर्ड को देखिए। मैं तो कहूंगा कि अजेय।' उन्होंने गौतम गंभीर को टैग करते हुए कहा, 'सलाम मेरे दोस्त। आपने शानदार काम किया है। मैं आपसे पहले भी कह चुका हूं कि जब कोई आपकी क्षमताओं के बारे में बकवास करे तो चुप रहिए। आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।'

 

सोशल मीडिया से दूर रहने वाले गंभीर ने ललित मोदी के पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा, 'आपके निरंतर समर्थन और प्रोत्साहन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद सर!' भारत से भगोड़े ललित मोदी के पोस्ट पर गंभीर का रिप्लाई आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी बीच में कूद पड़े। एक यूजर ने गंभीर को सलाह देते हुए लिखा,  'GG भाई ललित मोदी का सपोर्ट मत लेना यार। वह पहले से ही बहुत लफड़ों में फंसा है। काहे को खाली पीली अपना कैरियर खराब कर रहे हो।' बता दें कि ललित मोदी को को मनी लॉन्ड्रिंग सेमत कई वित्तीय गड़बड़ियों के आरोपों में भगोड़ा साबित किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: मैच के दौरान गेंद गुम होने की शिकायत, दिल्ली, अहमदाबाद और UP पुलिस का सोशल वॉर

ललित मोदी के शुक्रिया कहना नहीं भूलते गंभीर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की हर बड़ी जीत के बाद ललित मोदी गंभीर की तारीफ करते आए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबला हो या वेस्टइंडीज के साथ नॉकआउट मैच, ललित मोदी ने टीम इंडिया की सफलता का क्रेडिट गंभीर को दिया है। गंभीर भी उन्हें थैंक्यू बोलना नहीं भूलते। इस बार भी जब गंभीर ने उन्हें शुक्रिया कहा तो एक यूजर ने लिखा, 'भाई ललित जी के अलावा हमे भी रिप्लाई दे दिया करो।'