इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कप्तानी का दबाव हर खिलाड़ी के प्रदर्शन को प्रभावित करता है लेकिन ऋषभ पंत के लिए यह जिम्मेदारी फिलहाल भारी पड़ती नजर आ रही है। IPL 2025 से अब तक पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कमान संभाली है लेकिन टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली है। आंकड़े साफ इशारा करते हैं कि पंत की कप्तानी में LSG उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है।
IPL में LSG की एंट्री साल 2022 में हुई थी और तब से लेकर अब तक टीम ने कुल 66 मैच खेले हैं। इन 66 मैचों में टीम ने 32 मुकाबले जीते हैं, 32 में हार झेली है और एक मैच टाई भी रहा है। शुरुआती दो सीजन यानी 2022 और 2023 में टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। LSG दोनों ही बार प्लेऑफ तक पहुंची थी, जिससे लगा था कि टीम आगे भी दमदार खेल दिखाएगी। हालांकि उसके बाद से टीम का हाल पॉइंट्स टेबल में कुछ खास अच्छा नहीं रहा है। ऋषभ पंत के कप्तान बनने से पहले टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में थी। खास बात ये है कि दोनों बार जब LSG प्लेऑफ में पहुंची, तब टीम की कप्तानी राहुल ही कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: DC vs RCB: दिल्ली से कहां हुई चूक? बेंगलुरु ने 18 गेंद रहते 9 विकेट से जीता मैच
पंत की कप्तानी में LSG का गिरा ग्राफ
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में LSG ने ऋषभ पंत को पूरे 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंत अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी और कप्तान भी बने हुए हैं। जिस हिसाब से उनकी ब्रांड वैल्यू है, उस हिसाब से वह अब तक लखनऊ के लिए कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। LSG ने उन्हें टीम में शामिल करते ही कप्तानी भी सौंप दी थी।
IPL 2025 से लेकर अब तक लखनऊ ने ऋषभ पंत की कप्तानी में कुल 22 मैच खेले हैं। इनमें से टीम सिर्फ 8 मुकाबले ही जीत पाई, जबकि 13 मैचों में हार झेलनी पड़ी। एक मैच टाई भी रहा। अगर आंकड़ों की बात करें तो इस दौरान टीम का जीत प्रतिशत सिर्फ 36.36 रहा, जबकि हार का प्रतिशत 59.09 तक पहुंच गया। इतने बड़े-बड़े खिलाड़ियों के होने के बावजूद ये आंकड़े किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए टेंशन बढ़ाने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर-हेजलवुड ने लूटी महफिल, 3 ओवर में दिल्ली की आधी टीम सिर्फ 7 रन पर ढेर
IPL 2026 में LSG का हाल इस बार काफी खराब चल रहा है। टीम ने अब तक 8 मैच खेले हैं लेकिन इनमें से सिर्फ 2 ही जीत पाई है। अभी टीम के खाते में सिर्फ 4 अंक हैं और नेट रन रेट -1.106 है, जिसकी वजह से टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे, यानी 10वें नंबर पर फंसी हुई है। ऐसे में इस सीजन भी टीम के प्लेऑफ में पहुंचने पर खतरा मंडरा रहा है और बाहर होने की तलवार लटकती नजर आ रही है।
टैक्टिकल ब्लूप्रिंट की भारी कमी
मैदान पर ऋषभ पंत की कप्तानी में साफ दिखता है कि कोई ठोस 'टैक्टिकल प्लान' नहीं है। कई बार अहम मौकों पर उन्होंने गेंदबाजों को सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया और बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव भी टीम पर भारी पड़ा। दबाव के समय पंत का जरूरत से ज्यादा आक्रामक रवैया रणनीति में बदलने के बजाय टीम को मुश्किल में डालता नजर आया। करीबी मुकाबलों को खत्म न कर पाना और पावरप्ले में भी रक्षात्मक फील्डिंग लगाना जैसे फैसले उनकी कप्तानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कुल मिलाकर, उनकी लीडरशिप में टीम कई बार बिना साफ प्लान के खेलती हुई दिखी है।
यह भी पढ़ें: गुस्से में बल्ला-हेलमेट पटकना अंगकृष रघुवंशी को पड़ा भारी, BCCI ने दी सजा
LSG के लिए बल्लेबाज के तौर पर पंत का प्रदर्शन
ऋषभ पंत ने LSG के लिए अब तक 22 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 458 रन बनाए हैं। अगर सीजन की बात करें तो IPL 2025 में पंत का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था। उन्होंने 24.45 के औसत से 269 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। वहीं IPL 2026 में अब तक उन्होंने 8 मैचों में 27 के औसत से 189 रन बना लिए हैं और इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी देखने को मिला है।
