इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बड़े टारगेट को आसानी से हासिल करने का सिलसिला जारी है। सोमवार (4 मई) को वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए सीजन के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 229 रन के चेज को 18.4 ओवर में ही अंजाम दे दिया, जो IPL में उसका सबसे सफल चेज रहा।

 

LSG की टीम एक समय 250 के पार जाती दिख रही थी लेकिन मिडिल ओवर्स में उसकी पारी लड़खड़ा गई, जिससे वह डेथ ओवर्स में तेजी से रन नहीं जुटा पाई। इसके बावजूद वह 228 रन तक पहुंचने में सफल रही, जिसे टी20 में सुरक्षित स्कोर माना जा सकता है। हालांकि IPL के मौजूदा सीजन में आसानी से हो रहे बड़े रन चेज को देखते हुए LSG की टीम जीत को लेकर निश्चित नहीं थी। उसका डर सही भी साबित हुआ। MI ने लक्ष्य को 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'पहले लगता था कोई बहुरूपिया आया है...' पूरन की बैटिंग देख रैना ने क्या कह दिया?

8वीं बार 220 प्लस रन नहीं हुए डिफेंड

IPL 2026 में बड़े रन चेज को अंजाम देना कितना आसान हो गया है, इसका अंदाजा इस आंकड़े से लगाया जा सकता है कि आठवीं बार कोई टीम 220 से ज्यादा रन को डिफेंड नहीं कर सकी। इस सीजन से पहले तक IPL में सिर्फ 5 बार 220 प्लस चेज हुए थे। 

 

IPL इतिहास के टॉप-5 रन चेज में से 4 इसी सीजन हुए हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) ने 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 265 रन के चेज को 18.5 ओवर में अंजाम दे दिया था, जो IPL ही नहीं बल्कि टी20 इतिहास का सबसे सफल रन चेज रहा। इसके 4 दिन बाद यानी 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने MI के खिलाफ वानखेड़े में 244 रन के टारगेट को 18.4 ओवर में हासिल किया।

 

इससे पहले SRH ने 25 अप्रैल को रात के मुकाबले में जयपुर के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 229 रन के टारगेट को सफलतापूर्वक चेज किया था। अब MI ने 229 रन के लक्ष्य को हासिल कर फिर से इस बहस को छेड़ दिया है कि क्या IPL सिर्फ बल्लेबाजों के लिए रह गया है?

 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने LSG को धो डाला, 44 गेंद में 84 रन ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IPL इतिहास के सबस बड़े रन चेज

  • 265 - PBKS बनाम DC, दिल्ली, 2026
  • 262 - PBKS बनाम KKR, कोलकाता, 2024
  • 246 - SRH बनाम PBKS, हैदराबाद, 2025
  • 244 - SRH बनाम MI, वानखेड़े, 2026
  • 229 - SRH बनाम KKR, जयपुर, 2026
  • 229 - MI बनाम LSG, वानखेड़े, 2026