प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (9 अगस्त) को अपने आधिकारिक आवास पर कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। PM मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि CWG के हमारे मेडल विजेताओं की मेजबानी करके खुशी हुई। गेम्स के दौरान के उनके अनुभवों को सुना। उन सभी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया। उनकी सफलता युवाओं को प्रेरित करेगी।

 

PM मोदी ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ एक वीडियो भी बनाया। 32 सेकंड के इस वीडियो में वह गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज साक्षी चौधरी और अन्य एथलीट्स के साथ दिखे। वीडियो में उन्होंने कहा, 'जो खेलेगा, वो खिलेगा। ऑल्वेज चीयर फॉर भारत… भारत माता की जय।' इस मुलाकात के एक दिन बाद यानी आज (सोमवार) एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें गोल्ड मेडलिस्ट लिफ्टर मीराबाई चानू बता रही हैं कि क्यों वह पोडियम पर खड़े होने के बाद फूट-फूट कर रोने लगी थीं।

 

यह भी पढ़ें: 6,6,6... आखिरी ओवर में सिराज ने काटा गदर, श्रीलंका में टीम इंडिया की रोमांचक जीत

PM मोदी से क्या बोलीं मीराबाई चानू?

मणिपुर से आने वाली मीरबाई चानू ने विमेंस 48 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता था। यह CWG में उनका लगातार तीसरा गोल्ड था। मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक 2020 में सिल्वर जीत चुकी हैं। वह पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने CWG 2026 में जैसे ही गोल्ड जीता और वह पोडियम पर पहुंचीं उनके आंसू रुकने के नाम नहीं ले रहे थे। 

 

न्यूज एजेंसी ANI की ओर से शेयर किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी उनसे कहते हैं, ' और मीराबाई... तीन बार आप लगातार... इतने आंसू टपक रहे थे, मुझे लगता है कि हर बूंद से जैसे एक गोल्ड मेडल टपक रहा है।'

 

मीराबाई चानू ने इसके बाद PM से बताया कि वह क्यों रो रही थीं। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुश और इमोशनल थी उस दिन। खुशी ज्यादा थी। मैं इसलिए रोई थी कि मैं पेरिस ओलंपिक में 1 किग्रा से मेडल से चूक गई थी। एक प्लेयर्स की लाइफ में क्या-क्या चुनौतियां आती हैं। इन 4 सालों में मैंने किन-किन चुनौतियों का सामना किया था। हर समय चोट से जूझ रही थी। फैमिली प्रॉब्लम अलग से थी। मैंने बहुत मुश्किल से ये 4 साल निकाले थे।'

 

यह भी पढ़ें: सरफराज खान की डेढ़ साल बाद टेस्ट टीम में वापसी, खेलने का मौका मिलेगा या नहीं?

मीराबाई ने आगे बताया,  'पोडियम पर जब मैं खड़ी थी तो ये सब आंखों के सामने घूम रहे थे। तिरंगा ऊपर जा रहा था... और राष्ट्रगान जब बजा तो मैं खुद को रोक नहीं सकी। अपने आप आंसू निकलते हैं सर।'