पाकिस्तान की क्रिकेट टीम इस समय बेहद खराब दौर से गुजर रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज से बाहर होने के बाद पाक टीम को बांग्लादेश में वनडे और टेस्ट सीरीज में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान को 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 से शिकस्त मिली थी, जबकि 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश ने उसका सूपड़ा साफ कर दिया था।

 

पाक टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की घरेलू वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर लय में वापसी की कोशिश की। हालांकि 10 जून को जब एशियन गेम्स के लिए टीम का चयन हुआ, तब टी20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों को ही चुना गया। बाबर आजम, सलमान अली आगा, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और शादाब खान जैसे खिलाड़ियों को ड्रॉप कर दिया गया है। साहिबजादा फरहान को कप्तान बनाया गया है। 

 

टीम में सर्जरी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक और बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। नकवी ने बोर्ड के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए पूर्व खिलाड़ियों से संपर्क किया है।

 

यह भी पढ़ें: KL राहुल ने शुभमन गिल का शतक पूरा नहीं होने दिया, क्या बोले सुनील गावस्कर?

क्रिकेट के मामले पूर्व खिलाड़ी ही देखें: नकवी

नकवी तीन से चार पूर्व खिलाड़ियों को अपने सलाहकार पैनल में शामिल करने के प्लान में हैं। उन्होंने रविवार (14 जून) को लाहौर में पत्रकारों को बताया कि उनकी सलाहकार समिति में फिलहाल तीन पूर्व खिलाड़ी हैं लेकिन वह इसमें और अधिक पूर्व खिलाड़ियों को शामिल करना चाहते हैं।

 

नकवी ने कहा, 'मैं इस संबंध में कुछ पूर्व खिलाड़ियों से मिल रहा हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि क्रिकेट से संबंधित मामलों पर फैसले उन लोगों को करने चाहिए, जिन्हें खेल का अच्छा ज्ञान है। मैं चाहता हूं कि क्रिकेट के जानकार ये खिलाड़ी नेशनल टीम, क्रिकेट से जुड़े मुद्दों और घरेलू क्रिकेट से संबंधित मामलों पर फैसले लें।'

 

यह भी पढ़ें: 'हमारे पास पैसे नहीं, खुद का खर्च...' पाक खिलाड़ियों को शहबाज सरकार ने दिया झटका

यूनिस-हफीज की होगी PCB में एंट्री?

फिलहाल पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक और सरफराज अहमद PCB चीफ के सलाहकारों में शामिल हैं और माना जा रहा है कि पूर्व कप्तान यूनिस खान और मोहम्मद हफीज से सलाहकार पैनल में शामिल होने के लिए संपर्क किया गया है। अब देखना है कि ये दोनों दिग्गज इस डील को स्वीकार करते हैं या नहीं।