भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनके दमदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया की दो मैचों में जीत में अहम भूमिका निभाई है। पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 मैच में सैमसन ने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। फिर इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रन बनाकर भारत की जीत की नींव रखी।
संजू सैमसन की शानदार पारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा उनकी हिम्मत बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो टूर्नामेंट के शुरुआती दिनों का है, जब सैमसन को USA के खिलाफ मैच के लिए प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया था। उस समय रोहित ने उन्हें गले लगाया और कहा, 'दुखी मत हो भाई। टूर्नामेंट लंबा है, तुम्हारा मौका कभी भी आ सकता है।'
यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर क्यों नहीं चाहते अभिषेक शर्मा खेलें वर्ल्ड कप मैच?
रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल से पहले रोहित शर्मा ने बताया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया था। रोहित ने कहा, 'मै एक खिलाड़ी की नब्ज पहचान सकता हूं। मैं खुद 2011 वर्ल्ड कप की टीम से बाहर रहने का दर्द झेल चुका हूं। मैं जानता हूं कि जब आप ऐसे बड़े टूर्नामेंट में बाहर बैठते हैं, तो कैसा महसूस होता है।' यह बयान ICC ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया।
शुरुआती मैचों में क्यों बाहर रहे सैमसन?
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी20 सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने उन्हें शुरुआती मुकाबलों में मौका नहीं दिया। हालांकि नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में अभिषेक शर्मा के बीमार होने के कारण सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। लेकिन जैसे ही अभिषेक फिट हुए, सैमसन को फिर से टीम से बाहर बैठना पड़ा।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में इतिहास रचने उतरेगी भारतीय टीम, सूर्या सेना के सामने टिकेंगे कीवी?
टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज में टीम मैनेजमेंट ने रणनीति बदली और संजू सैमसन को एक बार फिर मौका दिया। इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं की और अपने बल्ले से कमाल दिखा दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन और इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन की पारी खेलकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। उनकी इन पारियों ने भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
